शहर

Delhi Barapullah Flyover: जिस फ्लाईओवर से थी रफ्तार की उम्मीद, वही बना जाम की वजह, अब बारापुला का बदलेगा डिजाइन

Delhi Barapullah Flyover: दिल्ली में नए खुले बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर के जंक्शन वाले स्थान पर जाम की समस्या सामने आई है। ट्रैफिक पुलिस ने पीडब्ल्यूडी से जंक्शन को दोबारा डिजाइन करने का सुझाव दिया है।

Image

बारापुला फ्लाईओवर के जंक्शन को रि-डिजाइन करने का सुझाव (Photo: Delhi PWD)

Photo : Twitter

Delhi Barapullah Phase 3 Flyover: सालों के लंबे इंतजार और तमाम उम्मीदों के बाद आखिरकार जब बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर खुला, तो लगा था कि दिल्लीवालों का सफर अब सुहाना हो जाएगा। लोगों ने राहत की सांस ली थी कि चलो, अब सफदरजंग से सराय काले खां का रास्ता चुटकियों में कट जाएगा। लेकिन इस फ्लाईओवर से जिस रफ्तार और राहत की उम्मीद थी, फिलहाल तस्वीर उससे उलट नजर आ रही है। फ्लाईओवर खुलते ही सुंदरियाल पार्क के पास ट्रैफिक का ऐसा संगम बना कि कई दिशाओं से आने वाले वाहन एक ही संकरे जंक्शन पर फंसने लगे। जिसे देखते हुए अब ट्रैफिक पुलिस ने इस जंक्शन के डिजाइन को ही नए सिरे से बदलने का सुझाव दिया है।

जाम की वजह बना फ्लाईओवर का डिजाइन

यह तीन लेन वाला बारापुला फेज-तीन फ्लाईओवर सुंदरियाल पार्क के पास दो लेन वाले मार्ग में मिल रहा है, जबकि दो अन्य तीन लेन वाले रास्तों का यातायात भी इसी जगह आकर मिल रहा है, जिससे जाम की समस्या बढ़ रही है। जिसे देखते हुए यातायात पुलिस ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से फेज-तीन फ्लाईओवर के मौजूदा बारापुला मार्ग से जुड़ने वाले स्थान में तत्काल बदलाव करने को कहा है। पुलिस का कहना है कि जंक्शन का तीखा और अचानक बना डिजाइन व्यस्त मार्ग पर जाम की समस्या को और बढ़ा रहा है।

फ्लाईओवर खुलते ही बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था

बारापुला फेज-तीन फ्लाईओवर को पिछले सप्ताह लोगों के लिए खोला गया था, लेकिन इसके खुलने के तुरंत बाद जुड़ने वाले नए मार्ग पर यातायात की स्थिति खराब हो गई। अधिकारियों ने कहा कि गुरुवार शाम तक सफदरजंग अस्पताल और सराय काले खां के बीच करीब आठ किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहन चालकों को एक घंटे से अधिक समय लग रहा था।

यातायात पुलिस ने पीडब्ल्यूडी को भेजे पत्र में कहा कि इस व्यवस्था के कारण ’’ भारी जाम’’ लग रहा है, खासकर नए खुले गलियारे पर यातायात की असाधारण रूप से अधिक संख्या के कारण।

ड्रोन सर्वे में सामने आई जाम की तस्वीर

यातायात पुलिस द्वारा कराए गए ड्रोन सर्वेक्षण में जंक्शन पर समस्या की स्थिति सामने आई, जहां सीमित सड़क चौड़ाई में कई दिशाओं से आ रहा यातायात एक ही स्थान पर मिल रहा है। फेज-तीन फ्लाईओवर पर तीन लेन हैं। इसी स्थान पर सुंदरियाल की ओर से सराय काले खां और रिंग रोड की तरफ आने वाला यातायात गलियारे में मिलता हैं। इसके अलावा आश्रम और डीएनडी की ओर से आने वाला यातायात भी मौजूदा बारापुला गलियारे से मिलता है। पत्र में कहा गया है कि इससे यातायात अचानक एक-दूसरे में मिल जाता है और जंक्शन पर यातायात का संकरा बिंदु बन जाता है।

अब जंक्शन के री-डिजाइन पर जोर

यातायात पुलिस ने कहा कि नया फ्लाईओवर सुंदरियाल के पास मौजूदा फ्लाईओवर से सीधे और तीखे मोड़ के साथ जुड़ रहा है, जबकि यहां सहज घुमाव होना चाहिए था। यातायात पुलिस ने पीडब्ल्यूडी से केवल प्रवर्तन और यातायात नियमन के जरिये जाम संभालने के बजाय फ्लाईओवर के जुड़ने वाले स्थान को फिर से डिजाइन करने को कहा है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article