Delhi News: दिल्ली के अशोक विहार इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर लूटपाट की। बदमाशों ने 55 वर्षीय महिला को चाकू की नोक पर बंधक बनाया और उकरीब 20 मिनट तक घर की तलाशी लेकर नकदी और गहने समेत करीब 75 लाख रुपये का सामान लूट लिया। जिसके बाद बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। हैरानी की बात ये है कि बदमाशों के पास परिवार की निजी जानकारी भी थी। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीढ़ियों पर बैठे थे दो बदमाश
यह घटना अशोक विहार फेज-1 में बुधवार दोपहर को हुई। पीड़ित महिला के मुताबिक, वह किसी काम से घर से बाहर निकलने वाली थीं। इसी दौरान घर के पास ही उन्हें सीढ़ियों पर दो युवक बैठे दिखाई दिए। जैसे ही महिला बाहर निकलीं, दोनों जबरन घर में घुस आए और कुछ ही देर बाद दो अन्य बदमाश भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने महिला की गर्दन पर चाकू रख दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने उनके हाथ-पैर टेप से बांधकर एक कोने में बैठा दिया गया।
20 मिनट तक घर में तलाशते रहे सामान
बदमाशों ने करीब 20 मिनट तक घर की अलमारियां और अन्य जगहों पर कीमती सामान और नकदी को खंगाला। इस दौरान उन्होंने नकदी और गहने एक बैग में भर लिए। लूटपाट के बाद बदमाश महिला को धमकाते हुए घर से फरार हो। उनके जाने के बाद महिला ने किसी तरह अपने हाथ खोले और परिवार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
बदमाशों को परिवार की निजी जानकारी कैसे मिली?
महिला के अनुसार, बदमाशों को परिवार के बारे में काफी निजी जानकारी थी। उन्होंने महिला से बातचीत के दौरान उनके दिवंगत बेटे, उसकी मौत, पति के कारोबार और दोनों बेटियों के कामकाज का जिक्र किया। परिवार के एक बेटे की करीब दो साल पहले मौत हो चुकी है। महिला के पति वजीरपुर गांव में फास्टनर बनाने का कारोबार करते हैं, जबकि दोनों बेटियां चावड़ी बाजार में अपनी दुकान संभालती हैं। परिवार के मुताबिक, लूटे गए गहनों में उनकी दोनों बेटियों की शादी के लिए खरीदे गए गहने भी शामिल थे। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने महिला को यह धमकी भी दी कि उनकी दोनों बेटियों पर उनके साथी नजर रख रहे हैं। घटना के बारे में किसी को बताया तो उनकी बेटियों को उठा लिया जाएगा। इस धमकी के बाद पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आरोपियों को परिवार की इतनी सटीक जानकारी कहां से मिली।
वारदात से पहले रेकी का शक
पुलिस को शक है कि बदमाशों ने वारदात से पहले घर और परिवार की रेकी की थी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज पुलिस ने अपने कब्जे में ली है। फुटेज में संदिग्ध बदमाशों के बाइक से आने-जाने की जानकारी सामने आई है। जांच में यह भी पता चला कि वारदात से पहले कुछ संदिग्धों ने कॉलोनी के एक पड़ोसी से पानी मांगा था। उन्होंने सामान्य तरीके से पानी पिया और वहां कुछ देर खड़े रहे। उस समय पड़ोसी को उनके इरादों का कोई अंदाजा नहीं था। लूट की जानकारी मिलने के बाद पड़ोसी ने पुलिस को संदिग्धों के हुलिए के बारे में बताया। पुलिस CCTV फुटेज और इस जानकारी को मिलाकर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
कई पुलिस टीमें जांच में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही अशोक विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला का मेडिकल कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमे गठित की गई हैं। स्पेशल स्टाफ समेत अन्य यूनिट भी मामले की जांच में जुटी हैं। पुलिस CCTV फुटेज, संदिग्धों के हुलिए, बाइक और तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। स्थानीय RWA ने भी घटना के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है।
