शहर

दरभंगा एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, स्पाइसजेट विमान का टायर लैंडिंग के दौरान फटा

बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट पर मुंबई से आई स्पाइसजेट के विमान का लैंडिंग के दौरान अचानक टायर फट गया। विमान में करीब 150 यात्री सवार थे। पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट स्टाफ की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Image

Darbhanga Airport

Photo : Times Now Digital

Darbhanga Airport Flight Accident: बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। मुंबई से दरभंगा पहुंचा स्पाइसजेट का विमान लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। विमान का एक पहिया का टायर अचानक फट गया, जिससे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय फ्लाइट में करीब 150 यात्री सवार थे। हालांकि पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

लैंडिंग के दौरान फटा टायर

जानकारी के मुताबिक, स्पाइसजेट की फ्लाइट सुबह करीब 10 बजे दरभंगा एयरपोर्ट के रनवे पर लैंड हो रही थी। इसी दौरान विमान के एक पहिए का टायर फट गया। जिससे विमान का पहिया कुछ दूरी तक रनवे पर घिसटता रहा। इस दौरान काफी तेज आवाज हुई और विमान के अंदर बैठे यात्रियों को जोरदार झटका महसूस हुआ। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई।

पायलट ने सुरक्षित रोका विमान

स्थिति को समझते हुए पायलट ने संयम और सतर्कता के साथ विमान पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा और उसे सुरक्षित रोक लिया। इसके तुरंत बाद एयरपोर्ट का ग्राउंड स्टाफ, सुरक्षा कर्मी और अग्निशमन दल मौके पर पहुंच गए। सभी यात्रियों और क्रू मेंमर्स को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

दूसरी उड़ानों पर भी पड़ा असर

घटना के बाद इस विमान को तकनीकी जांच के लिए एप्रन पर खड़ा कर दिया गया। जिससे एयरपोर्ट पर पार्किंग की समस्या पैदा हो गई। जिससे कुछ समय के लिए उड़ान संचालन पर प्रभाव पड़ा। इस कारण दिल्ली से दरभंगा आने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को एहतियातन पटना की ओर डायवर्ट करना पड़ा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर उसे दरभंगा भेजा गया। इस दौरान मुंबई से आई अकासा एयर की एक अन्य फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी सामने आई। जिससे एयरपोर्ट संचालन पर अतिरिक्त दबाव बन गया।

विमान की तकनीकी जांच शुरू

एयरपोर्ट अधिकारियों और इंजीनियरों ने स्पाइसजेट विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने और विमान को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही उसे दोबारा सेवा में लाया जाएगा। वहीं विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि विमान के टायर फटने जैसी घटनाएं बहुत दुर्लभ होती हैं। लेकिन एयरलाइंस और एयरपोर्ट पर पहले से निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल और प्रशिक्षित क्रू के कारण से ऐसे मामलों में बड़े हादसों को टालना संभव हो पाता है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article