शहर

अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की मौत, साथी कैदी ने गमछे से गला घोंटकर की हत्या

कुख्यात डकैत जगन गुर्जर, जो राजस्थान की अजमेर स्थित हाई-सिक्योरिटी जेल में बंद था, सोमवार को अपनी बैरक में मृत पाया गया। इस घटना से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

Image

जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की मौत (फाइल फोटो)

राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जेल की एक ही बैरक में बंद धौलपुर के कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की उसके ही साथी कैदी ने गला घोंटकर हत्या कर दी। इस बड़ी वारदात के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन ने बताया कि यह वारदात दोपहर के समय हुई। जगन गुर्जर मार्च 2026 से इस जेल में बंद था। दोपहर में रोजाना की तरह जब सभी कैदी सुबह का खाना खाकर अपनी-अपनी सेल में लौट गए थे, तभी जगन गुर्जर और उसके साथ उसी सेल में बंद भरतपुर निवासी कैदी विष्णु के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि आरोपी विष्णु ने अपने पास मौजूद गमछे से जगन गुर्जर का गला घोंट दिया जिससे उसकी मौत हो गई।

'सेल में इन दोनों के अलावा कोई तीसरा व्यक्ति मौजूद नहीं था'

पुलिस के अनुसार प्राथमिक दृष्टि से यह मामला जेल के अंदर होने वाले छोटे-मोटे आपसी झगड़े का लग रहा है। जब मीडिया ने पुलिस से पूछा कि क्या यह किसी 'सुपारी किलिंग' या 'गैंगवार' का नतीजा है, तो अधिकारी ने स्पष्ट किया फिलहाल गैंगवार जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। यह एक ही सेल में रहने वाले दो कैदियों के बीच का आपसी वन-टू-वन विवाद लग रहा है। घटना के वक्त सेल में इन दोनों के अलावा कोई तीसरा व्यक्ति मौजूद नहीं था।

एफएसएल और एमओबी की टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल और एमओबी की टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने बताया कि जगन गुर्जर के शरीर पर शुरुआती जांच में किसी अन्य चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे साफ है कि उसकी मौत सिर्फ गला घोंटने की वजह से हुई है।

आरोपी विष्णु के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी विष्णु के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति और साफ हो पाएगी कि आखिर किस मामूली बात पर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया गया।

जगन गुर्जर कौन था?

जगन गुर्जर चंबल इलाके के सबसे खूंखार डकैतों में से एक था। उसका दबदबा धौलपुर डांग इलाके की घाटियों तक फैला हुआ था, जहां उसने कई सालों तक अपनी गतिविधियां चलाईं। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में उसके खिलाफ हत्या, डकैती, लूट, जबरन वसूली, अपहरण और आर्म्स एक्ट के तहत 100 से ज़्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article