Bhopal Twisha Sharma Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वीआईपी इलाके कटारा हिल्स से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। भोपाल के सबसे बहुचर्चित और हाई-प्रोफाइल ट्विशा शर्मा मौत मामले में जेल में बंद मुख्य आरोपी व पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के घर पर शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और गश्ती गाड़ी के सायरन की वजह से चोर एक बड़ी चोरी को अंजाम देने में नाकाम रहे और कीमती जेवर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है।
6 शातिर चोरों ने मिलकर रची थी साजिश
ट्विशा शर्मा मामले के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) के पूर्व प्रमुख और वर्तमान सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) रजनीश कश्यप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरों ने शनिवार रात करीब 2:00 बजे इस वारदात को अंजाम दिया।
आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगालने पर पता चला है कि कुल 6 बदमाश चोरी की नीयत से आए थे। इनमें से 4 चोर मकान के पिछले हिस्से से होते हुए पहली मंजिल पर चढ़ गए, जबकि उनके 2 साथी नीचे सड़क पर पहरेदारी कर रहे थे। चोरों ने घर के अंदर दाखिल होकर अलमारियां खंगालीं और एक सोने का कीमती हार तथा चांदी के कुछ सामान पर हाथ साफ कर उसे एक झोले में भर लिया।
ऐन वक्त पर गूंजा पुलिस का सायरन, पीछा करने पर चकमा देकर भागे
चोर जब पूरा सामान समेट कर भागने ही वाले थे, तभी कटारा हिल्स थाना पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग टीम (गश्ती गाड़ी) वहां से गुजरी। सन्नाटे में पुलिस की गाड़ी के सायरन की आवाज सुनते ही चोरों के हाथ-पांव फूल गए। घबराहट में चोर जेवर और कपड़ों से भरा झोला वहीं मौके पर ही छोड़कर भागने लगे।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने संदेहास्पद हलचल देख बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन रात के अंधेरे और गलियों का फायदा उठाकर चोर पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने मौके से चोरों का झोला बरामद कर लिया है, जिसमें से एक सोने का नेकलेस, चांदी की सामग्री और कुछ कपड़े सुरक्षित मिले हैं।
कर्नल सो रहे थे घर के भीतर, फाइलों की चोरी से इनकार
घटना के समय पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के भाई और सेवानिवृत्त कर्नल रणवीर सिंह भदौरिया घर के एक हिस्से में सो रहे थे। सुबह घटना की जानकारी होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद उनकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की।
चूंकि यह घर एक बेहद संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री का क्राइम सीन रहा है, इसलिए बाजार में यह अफवाह फैल गई कि चोरों ने त्विषा शर्मा केस से जुड़े कानूनी दस्तावेज या फाइलें गायब कर दी हैं। हालांकि, एसीपी रजनीश कश्यप ने इन कयासों को पूरी तरह खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के दस्तावेज या फाइल की चोरी नहीं हुई है, यह विशुद्ध रूप से नकबजनी (चोरी) का प्रयास था।
ट्विशा शर्मा केस
मालूम हो कि इसी कटारा हिल्स स्थित मकान में बीते 12 मई को पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह की 33 वर्षीय बहू ट्विशा शर्मा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला था। पीहर पक्ष ने इसे हत्या का मामला बताया था। इस मामले में भोपाल पुलिस की लंबी जांच के बाद अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) इस पूरे प्रकरण की तफ्तीश कर रही है। मामले में मृतका की सास पूर्व जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह दोनों को गिरफ्तार किया जा चुका है और वे वर्तमान में भोपाल की केंद्रीय जेल में न्यायिक हिरासत में सजा काट रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए फरार चोरों के हुलिए का मिलान कर उनकी धर-पकड़ के प्रयास कर रही है।
