Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने दहेज और पारिवारिक रिश्तों की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के थाना ककवन क्षेत्र के लहरियापुर गांव में एक युवक की महज पांच महीने पहले हुई शादी अचानक विवाद और हिंसा का कारण बन गई। बताया जा रहा है कि शादी दान-दहेज के साथ संपन्न हुई थी और शुरुआती दिनों में सब सामान्य चल रहा था, लेकिन भीषण गर्मी के बीच एक छोटी सी मांग ने पूरे परिवार को संकट में डाल दिया।
पति ने खोया अपना आपा
जानकारी के अनुसार, पति ने अपनी पत्नी से मायके से नया कूलर लाने की जिद शुरू कर दी। पत्नी ने इस मांग को अनुचित बताते हुए इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ता चला गया। आरोप है कि इसी दौरान पति ने आपा खो दिया और पत्नी के साथ मारपीट कर दी। इस घटना की जानकारी जब लड़की के परिजनों को मिली तो वे अपनी बेटी की स्थिति जानने के लिए तुरंत ससुराल पहुंचे।
दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प
परिजनों के पहुंचने के बाद मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों का इस्तेमाल हुआ और दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए और कुछ के सिर में गंभीर चोटें आईं।
तीन लोगों को लिया गया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही थाना ककवन पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। भाई गर्मी का पारा तो बढ़ा ही था, लेकिन कूलर की मांग ने रिश्तों का पारा इस कदर चढ़ाया कि आज दामाद सलाखों के पीछे पहुंचने के कगार पर है।
