शहर

चंडीगढ़ में कुक बनकर घर में घुसा शातिर लुटेरा, परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर नकदी-गहने लेकर फरार; पुलिस ने जारी किया अलर्ट

चंडीगढ़ में घरों में कुक बनकर परिवारों को निशाना बनाने वाले आरोपी हेमंत थापा को लेकर पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। आरोप है कि वह नाम बदलकर नौकरी हासिल करता और परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर घर से नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो जाता है।

Image

चंडीगढ़ में कुक का खौफ (प्रतीकात्मक फोटो)

Chandigarh News: चंडीगढ़ में घरेलू कुक बनकर परिवारों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटने वाले आरोपी हेमंत थापा को लेकर पुलिस ने लोगों को सतर्क किया है। पुलिस ने आरोपी का पोस्टर जारी करते हुए उसकी जानकारी साझा की है और उसकी तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, थापा पहचान बदलकर घरों में नौकरी हासिल करता था और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था।

मुकेश बस्सी के घर कैसे हुई वारदात?

मामला 14 अगस्त की रात का है, जब कांग्रेस के दिवंगत नेता मुकेश बस्सी के चंडीगढ़ स्थित घर में लूट की वारदात हुई। आरोप है कि कुछ समय पहले ही घर पर कुक के तौर पर रखा गया हेमंत थापा परिवार के सदस्यों और घरेलू कर्मचारियों को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने के बाद घर से नकदी, गहने और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया। घटना के समय घर में मुकेश बस्सी की पत्नी अंजू के अलावा एक नौकर और एक नौकरानी मौजूद थे। तीनों के बेहोश होने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी वारदातें

पुलिस जांच में सामने आया है कि हेमंत थापा पर इससे पहले भी इसी तरह की वारदातों में शामिल होने का आरोप है। वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है और अपनी पत्नी को छोड़कर भागा हुआ है। पुलिस के अनुसार, खरड़ और मोहाली में भी उसने घरेलू कर्मचारी के रूप में घर में प्रवेश कर परिवारों को नशीला पदार्थ खिलाया और सामान लेकर फरार होने जैसी वारदातें की थीं। पुलिस के मुताबिक, मोहाली के सेक्टर-88 में हुई एक घटना में आरोपी एक कपल के रूप में घर पहुंचा था। अधिकारियों का कहना है कि ट्राईसिटी में इस तरह के कम से कम दो मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।

पुलिस ने लोगों से की अपील

पुलिस नेपाल में आरोपी से जुड़ी जानकारी भी जुटा रही है। चंडीगढ़ पुलिस के डीएसपी पी. अभिनंदन ने बताया कि 14 अगस्त की घटना की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घर में किसी भी घरेलू कर्मचारी, कुक या अन्य स्टाफ को रखने से पहले उसकी पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं। पुलिस का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने में मदद कर सकती है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article