शहर

दिल्ली-NCR को पॉल्यूशन से राहत, GRAP-3 की पाबंदियां हटीं; AQI में सुधार

दिल्ली-NCR में प्रदूषण के स्तर में सुधार के बाद ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण यानी GRAP-3 की पाबंदियां हटा दी गई हैं। हालांकि, GRAP-1 और GRAP-2 के तहत लागू पाबंदियां जारी रहेंगी।

Image

दिल्ली-NCR से GRAP-3 की पाबंदियां हटीं (फोटो-Istock)

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। मंगलवार को इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी सुबह रही, वहीं शाम होते-होते प्रदूषण के स्तर में कमी आई है। एक्यूआई लेवल में कमी आने पर सीएक्यूएम ने ग्रैप-3 के प्रतिबंध हटा दिए हैं। अब ग्रैप-2 के तहत प्रतिबंध जारी रहेंगे। इस दौरान दिल्ली का दैनिक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 204 दर्ज किया गया।

निर्देश हैं कि हवा की गुणवत्ता को और खराब होने से रोकने के लिए, प्रदूषण नियंत्रण के मौजूदा उपायों को सख्ती से लागू करना सुनिश्चित किया जाए। 6 नवंबर को दिल्ली-NCR में GRAP चरण III की पाबंदियां लागू कर दी गईं थी, क्योंकि शहर का AQI बढ़कर 382 हो गया था, जो इसे 'बहुत खराब' (Very Poor) श्रेणी में रखता है।

दिल्ली का प्रदूषण कितना?

फिलहाल, न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से कम है।

अन्य मौसम केंद्रों में पालम में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। रिज मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है जबकि आयानगर में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है और दिन में मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक सुबह आठ बजे 238 दर्ज किया गया, जो ’खराब’ श्रेणी में आता है। आंकड़े दर्ज करने वाले 58 निगरानी केंद्रों में से 32 में वायु गुणवत्ता ’खराब’, 16 में ’मध्यम’ और 10 में ’बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। सिरीफोर्ट में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही, जहां एक्यूआई 333 दर्ज किया गया।

सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ’अच्छा’, 51 से 100 के बीच ’संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ’मध्यम’, 201 से 300 के बीच ’खराब’, 301 से 400 के बीच ’बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ’गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article