शहर

बुंदेलखंड से चित्रकूट धाम तक सफर होगा आसान, 1,008 करोड़ से बनेगा 6 लेन चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे

चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के संशोधित प्रस्ताव को यूपी कैबिनेट बैठक में मंजूरी मिल गई है। 15.172 किलोमीटर लंबे छह लेन के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर 1,008.67 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस एक्सप्रेसवे से बुंदेलखंड और चित्रकूट धाम के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Chitrakoot Link Expressway: बुंदेलखंड से चित्रकूट धाम तक आवागमन को आसान और तेज बनाने के लिए चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस एक्सप्रेसवे के संशोधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस परियोजना के निर्माण 1,008.67 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह एक्सप्रेसवे पूरी तरह राज्य सरकार के बजट से बनाया जाएगा। परियोजना में केंद्र सरकार की ओर से किसी तरह की वित्तीय हिस्सेदारी प्रस्तावित नहीं है।

छह लेन का होगा एक्सप्रेसवे

चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे 15.172 किलोमीटर लंबा होगा, जिसे छह लेन के 'एक्सेस-कंट्रोल' (प्रवेश नियंत्रित) ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के रूप में तैयार किया जाएगा। परियोजना का निर्माण इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड में कराया जाएगा। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के अनुसार, व्यय-वित्त समिति ने इस प्रोजेक्ट की संशोधित लागत का मूल्यांकन किया था। इसके बाद कैबिनेट ने प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

ग्लोबल टेंडर के बाद शुरू होगा निर्माण

कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद अब एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए कंपनी का चयन होगा। इसके लिए ग्लोबल बिड यानी वैश्विक स्तर पर टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और निर्माणकर्ता के चयन के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।

चित्रकूट जाने वाले यात्रियों को मिलेगा फायदा

इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ बुंदेलखंड क्षेत्र से चित्रकूट धाम आने-जाने वाले लोगों को मिलने की उम्मीद है। छह लेन की प्रवेश नियंत्रित सड़क बनने से यात्रियों तेज और व्यवस्थित आवागमन की सुविधा मिलेगी। चित्रकूट धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है। यहां बड़ी तादाद में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। बेहतर सड़क संपर्क से चित्रकूट तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है, जिससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। इस परियोजना से बुंदेलखंड के दूर-दराज के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की भी उम्मीद है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article