चण्डीगढ़

लुधियाना में 100 लोगों ने पुलिस थाने में घुसकर की तोड़फोड़, पुलिसकर्मियों के साथ की मारपीट, जानें पूरा मामला

पंजाब में शनिवार रात स्कूटर सवार एक दुकानदार और पुलिसकर्मियों के बीच तेज स्पीड में ड्राइविंग को लेकर बहस हो गई। जिसके बाद उसे पुलिस थाने लाया गया, लेकिन दुकानदार वहां से भाग गया और कुछ समय बाद 100 लोगों को अपने साथ लाकर पुलिस थाने पर हमला कर दिया।

Image

पुलिस थाने पर लोगों ने हमला किया (सांकेतिक फोटो)

Punjab News: लुधियाना में करीब 100 लोगों ने एक पुलिस थाने में घुसकर तोड़फोड़ की और एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) से मीरपीट की। पुलिस के अनुसार चेक पोस्ट पर तेज स्पीड से वाहन चलाने को लेकर एक दुकानदार और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हुई। जिसके कुछ समय बाद लोगों की भीड़ ने पुलिस थाने पहुंचकर हमला कर दिया। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

शिंगार पुलिस थाने का फाटक तोड़ा

यह घटना शनिवार रात की है। अधिकारियों के अनुसार 100 लोगों की भीड़ ने शिंगार पुलिस थाने का फाटक तोड़ दिया, गमलों को क्षतिग्रस्त कर दिया और कार्यालय में तोड़फोड़ की। एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने एएसआई सुरिंदर सिंह के साथ मारपीट की और एक अन्य पुलिसकर्मी को घायल कर दिया।

जानें कैसे शुरू हुआ विवाद

पुलिस ने बताया कि विवाद तब शुरू हुआ जब स्कूटर सवार एक दुकानदार को तेज गति से वाहन चलाने के लिए पुलिस थाने के पास एक जांच चौकी पर रोका गया। स्कूटर पर दुकानदार का बेटा भी सवार था। पुलिस ने बताया कि चौकी पर दुकानदार और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद उसे पुलिस थाने लाया गया लेकिन वह वहां से भाग गया। अधिकारियों ने बताया कि कुछ समय बाद दुकानदार अपने साथ करीब 100 लोगों को लेकर पुलिस थाने पहुंचा और हमला कर किया। पुलिस ने बताया कि दुकानदार और उसके समर्थकों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे है।

इनपुट-भाषा

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article