चण्डीगढ़

Jalandhar Triple Murder: बेटे ने मां-पिता और भाई को गोलियों से भूना, घर पर ताला लगाकर फरार

Jalandhar Triple Murder-पंजाब के जालंधर में एक परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हरप्रीत नाम के शख्स ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से अपने पिता, मां और भाई को गोली मार दी।

Image

जालंधर में 3 लोगों की हत्या

Photo : Twitter

जालंधर: जिले के लांबड़ा थाना अंतर्गत टावर इन्क्लेव में गुरुवार को पारिवारिक विवाद में एक युवक ने अपने मां-बाप और भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम दोपहर 2-3 बजे के बीच दिया गया, लेकिन इसका पता गुरुवार देर रात चला। खौफनाक हत्याकांड की सूचना पाकर देर रात एसएसपी (ग्रामीण) मुखविंदर सिंह भुल्लर, डीएसपी करतारपुर बलवीर सिंह व थाना प्रभारी रमन कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने संपत्ति विवाद में हत्या को अंजाम देने की आशंका जताई है। फिलहाल, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया है।

संपत्ति विवाद में हत्या

हत्यारोपी शख्स ने हत्या को अंजाम देने के लिए लाइसेंसी हथियार का इस्तेमाल किया है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को नाकेबंदी कर काबू कर लिया है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि हत्यारोपी अपने माता-पिता पर कोठी नाम करने का दबाव बना रहा था। इसी बात पर विवाद पनपा था। हालांकि, इससे पहले भी मामला लांबड़ा थाने भी पहुंचा था। उस समय राजीनामा हो गया था।

इसलिए मारी गोली

दरअसल, जंडियाला के निकट रहने वाला 52 वर्षीय जगबीर सिंह दो साल पहले ही परिवार समेत टावर इन्क्लेव में शिफ्ट हुआ था। बताया जा रहा है कि उसने 10 मरले में छोटा मकान बनाया था। जगबीर सिंह सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर परिवार चलाता था। उसका एक बड़ा बेटा 32 साल का गगनदीप सिंह कुंवारा था। उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। लिहाजा, उसकी शादी नहीं हो पाई, जबकि छोटा बेटा हरप्रीत सिंह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं।

हत्या कर घर में लगाया ताला

पुलिस के मुताबिक, हरप्रीत सिंह अपने पिता जगबीर सिंह व मां अमृतपाल कौर पर मकान उसके नाम पर करने का दबाव बना रहा था, लेकिन मां-बाप इसके खिलाफ थे। गुरुवार को हरप्रीत सिंह की पत्नी बच्चों के साथ मायके गई थी। इसी बीच पिता और पुत्र में विवाद हो गया। तभी तैस में आए हरप्रीत सिंह ने लाइसेंसी दोनाली बंदूक से पिता को पांच गोलियां मारीं। इस बीच मां अमृतपाल कौर व भाई गगनदीप बचाने पहुंचे तो आरोपी हरप्रीत ने उन्हें भी गोलियां मार दीं। हत्या को अंजाम देकर आरोपी चुपचाप कोठी पर ताला लगाकर फरार हो गया। गुरुवार रात सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मकान को खुलवाया तो अंदर तीनों के शव खून से लतपथ पड़े थे। बहरहाल, पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपी हरप्रीत सिंह को हिरासत में ले लिया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!