Fire News: हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित हरियाणा राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईडीसी) के फुटवियर पार्क की चार फैक्ट्रियों मे भीषण आग लग गई। आग से फैक्ट्रियों में रखा लाखों का कच्चा और तैयार माल जलकर राख हो गया। आग बुझाने के लिये फायर ब्रिगेड की दर्जन भर गाड़ियां लगी हुई है। आग सबसे पहले फैक्ट्री नंबर 155 में शुरू हुई फिर इसके बाद साथ लगती तीन और फैक्ट्रियों तक आग फैल गई।
चार फैक्ट्रियों में लगी आग, मालिकों को लाखों का हुआ नुकसान
आग बुझाने के साथ फायर ब्रिगेड आग को आगे बढ़ने से रोकने में भी जुटी हुई है। हालांकि अभी तक आग लगने के कारण साफ नहीं हुए हैं लेकिन आग के कारण फैक्ट्री मालिकों को लाखों का नुकसान जरूर हुआ है। आग से कोई जनहानि की सूचना अभी तक नहीं है।
गनीमत थी कि छुट्टी का दिन होने के कारण नहीं हुई कोई हताहत
बहादुरगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नरेंद्र छिकारा का कहना है कि छुट्टी का दिन होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई है लेकिन आग लगातार बढ़ रही है और फायर ब्रिगेड के इंतजाम नाकाफी है। उन्होंने बताया कि सारी फैक्ट्रियां आगे पीछे साथ साथ हैं जिसके कारण एक फैक्ट्री से शुरू हुई आग दूसरी और तीसरी फिर चौथी तक पहुंच गई।
फिलहाल पुलिस मौके पर व्यवस्था बनाने में जुटी है और फायर ब्रिगेड लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। आसपास के इलाकों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गई है ताकि आग पर जल्द काबू पाया जा सके ।
