रोहतक: हरियाणा में नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (NSA) के तहत पुलिस की ओर से पहली कार्रवाई की गई है। पुलिस ने हत्या, लूट डकैती, धमकी जैसी 20 अपराधिक घटनाओं में शामिल अपराधी को NSA के तहत 12 महीने के लिए जेल भेज दिया है। हरियाणा में नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत यह पहली कार्रवाई है, जिसकी मंजूरी सीधे गृह मंत्रालय (Home Ministry) से मिली है। डीएसपी रवि खुंडिया ने बताया कि ऐसे अपराधियों की पहचान की जा रही है, जिन पर कार्रवाई होना निश्चित है।
अपराधी पर एनएसए की कार्रवाई
जेल से बाहर आकर लगातार अपराधिक घटनाओं में शामिल रहने वाले एक खूंखार अपराधी को रोहतक पुलिस ने एनएसए (NSA) के तहत 12 महीने के लिए जेल भेज दिया है। दरअसल, नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत रोहतक पुलिस ने एक ऐसे अपराधी पर कार्रवाई की है, जिस पर हत्या, लूट, डकैती फिरौती जैसी 20 मामले दर्ज हैं, जिसमें से रोहतक जिले के 17 मामले हैं ऐसे अपराधी को पुलिस ने NSA की कार्रवाई कर 12 महीने के लिए सुनारिया जेल भेज दिया है।
हरियाणा में एनएसए का पहला केस
डीएसपी रवि खुंडिया ने बताया की पुलिस ऐसे अपराधियों की लिस्ट तैयार कर रही है, जो पेरोल या जमानत पर बाहर आकर भी अपनी आदतों में सुधार नहीं करते और लगातार अपराधिक घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा में यह पहला ऐसा मामला है जो नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। इस तरह की कार्रवाई के लिए गृह मंत्रालय से पहली बार मंजूरी मिली है। इससे अपराधियों पर नकेल कसने की राह आसान होगी। फिलहाल, पुलिस ने अपराधी का नाम और पहचान गोपनीय रखी है।
