शहर

Greater Noida News: एक थप्पड़ से शुरू हुआ विवाद, फिर स्कूल में घुसे 8-10 युवक; चार छात्रों की पिटाई के बाद मचा बवाल

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के खेड़ी गांव स्थित एमसी गोपीचंद इंटर कॉलेज में छात्रों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद कई युवक स्कूल परिसर में पहुंचे और 12वीं कक्षा के चार छात्रों के साथ मारपीट की। घटना CCTV में कैद हो गई, जबकि शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपियों की पहचान और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

स्कूल की चारदीवारी में अचानक मचा घमासान

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के खेड़ी गांव स्थित एमसी गोपीचंद इंटर कॉलेज में शिक्षक दिवस के मौके पर चार छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे मामूली विवाद के बाद 8 से 10 युवक स्कूल परिसर में पहुंचे और 12वीं कक्षा के चार छात्रों के साथ मारपीट की। पूरी घटना स्कूल में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत 12वीं कक्षा के एक छात्र द्वारा 10वीं के छात्र लीली को थप्पड़ मारने के बाद हुई थी। लीली ने इस घटना की जानकारी अपने भाई आदित्य सिंह को दी, जिसके बाद कुछ लोग स्कूल परिसर पहुंचे और चार छात्रों के साथ मारपीट की। पुलिस ने मामले में घायल छात्रों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। वायरल CCTV फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

कई युवकों के साथ कॉलेज कैंपस में पहुंचा प्रमोद

लीली के साथ मारपीट की जानकारी मिलने के बाद उसके भाई आदित्य ने संबंधित छात्र से घटना की वजह पूछी और इसका विरोध किया। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर छात्र ने अपने पिता प्रमोद को स्कूल बुला लिया। कुछ ही देर में प्रमोद कई युवकों के साथ कॉलेज परिसर पहुंच गया। आरोप है कि स्कूल के मुख्य गेट के पास मयंक सिंह के साथ मारपीट की गई। इसके बाद परिसर के अंदर आदित्य को भी युवकों ने घेर लिया और उसके साथ मारपीट की।

स्कूल में मची अफरातफरी

मारपीट की घटना के दौरान स्कूल में अफरातफरी मच गई। छात्रों को बचाने के लिए स्कूल के सुरक्षाकर्मी बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोप है कि युवकों ने उनकी बात नहीं मानी और मारपीट जारी रखी। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। स्कूल में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग में कई युवक छात्रों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज और शिकायत में दर्ज विवरण के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

पूरे मामले की जांच जारी

परिजनों के अनुसार, आदित्य सिंह कैलाशपुर और मयंक सिंह श्योराजपुर गांव के निवासी हैं। दोनों एमसी गोपीचंद इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा के छात्र हैं। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना में घायल छात्रों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें