शहर

Chandigarh Building Collapse: देर रात तक चलता रहा NDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन, 5 मजदूर सुरक्षित निकाले गए; दो लोगों की मौत

Chandigarh News: चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में रेनोवेशन के दौरान 54 साल पुरानी दो मंजिला इमारत का लेंटर गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 मजदूरों को सुरक्षित बचाया गया।

Image

5 मजदूरों को सुरक्षित बचाया गया

Photo : Times Now Digital

चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में शनिवार को एक पुरानी व्यावसायिक इमारत की छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस बड़े हादसे में मलबे के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि निर्माण कार्य में लगे पांच मजदूरों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मृतकों की पहचान तरुण जैन और तरुण कौशिक के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे और आपस में रिश्तेदार थे।

शोरूम खोलने के लिए कराया जा रहा था रेनोवेशन

जानकारी के मुताबिक, करीब 54 साल पुरानी इस दो मंजिला इमारत के प्लॉट को कुछ ही दिन पहले तीन-चार पार्टनर्स ने किराए पर लिया था। वे यहां मोटरसाइकिल का एक नया डीलरशिप शोरूम खोलने की योजना बना रहे थे और इसी सिलसिले में पिछले कुछ दिनों से बिल्डिंग में रिनोवेशन का काम चल रहा था। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे जब मजदूर काम कर रहे थे, तभी अचानक पूरी इमारत ढह गई।

NDRF और प्रशासन का साढ़े 5 घंटे चला रेस्क्यू

बिल्डिंग गिरने की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ प्रशासन, स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। मलबे को हटाने और फंसे लोगों को निकालने के लिए JCB मशीनों और आधुनिक कटर का इस्तेमाल कर युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

शुरुआती दौर में ही मलबे में दबे पांच मजदूरों को सिविल डिफेंस और स्थानीय टीमों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। सुरक्षित बचाए गए मजदूरों के नाम कुलदीप, कुलबीर, उमेश, राहुल और अजीत हैं। हादसे के तुरंत बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH), सेक्टर-32 भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई है।

लगभग साढ़े पांच घंटे तक चले इस कड़े संयुक्त बचाव अभियान के बाद रात करीब 9:30 से 10:00 बजे के बीच मलबे में सबसे नीचे दबे दोनों पार्टनर्स (तरुण जैन और तरुण कौशिक) को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article