Delhi News: CDS की परीक्षा देने पहुंचे एक अभ्यर्थी के लिए दिल्ली पुलिस उस वक्त फरिश्ता बनकर सामने आई, जब वह गलती से गलत परीक्षा केंद्र पहुंच गया। बताया गया है कि परीक्षा शुरू होने में महज तीन मिनट ही बाकी थे। ऐसे में नॉर्थ एवेन्यू थाना पुलिस ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाला और अभ्यर्थी को सही परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में मदद की।
गलत परीक्षा केंद्र पर पहुंचा अभ्यर्थी
अधिकारिक जानकारी के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 को CDS परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी को पता चला कि वह गलत परीक्षा केंद्र पर पहुंच गया है। उसके पास सही सेंटर तक पहुंचने के लिए सिर्फ और सिर्फ तीन मिनट का समय बचा था। ऐसे में, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SHO नॉर्थ एवेन्यू राकेश कुमार और उनकी टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम ने सही सेंटर तक पहुंचाया
पुलिस टीम ने अभ्यर्थी को उसके सही परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया। बताया जा रहा है कि यह सेंटर PM SHRI केंद्रीय विद्यालय, काली बाड़ी, नई दिल्ली में स्थित था। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ की वजह से अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने से महज एक मिनट पहले केंद्र पहुंच गया और समय रहते अपनी परीक्षा में शामिल हो सका।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- स्वरूप नगर के बाद दिल्ली में एक और अग्निकांड, धर्मशिला अस्पताल के पास लकड़ी के गोदाम में धधकी लपटें
'सिटीजन फर्स्ट' की भावना का उदाहरण
वहीं दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई की सोशल मीडिया पर भी सराहना हो रही है। महज कुछ मिनटों में लिए गए फैसले और पुलिस टीम की सक्रियता ने अभ्यर्थी का महत्वपूर्ण परीक्षा अवसर बचा लिया। इसके साथ ही नॉर्थ एवेन्यू थाना पुलिस की यह कार्रवाई 'सिटीजन फर्स्ट' की भावना का उदाहरण बनी। इस पूरी घटना के जरिए पुलिस ने यह भी दिखाया कि कई बार कुछ सेकंड भी किसी नागरिक के लिए बेहद अहम होते हैं और ऐसे समय में पुलिस की तत्परता बड़ा फर्क पैदा कर सकती है।
