शहर

ट्विशा शर्मा मामले में CBI ने पेश की 636 पेज चार्जशीट, दहेज की मांग के आरोप लगाए

ट्विशा शर्मा मामले में सीबीआई ने पति समर्थ सिंह और उसकी सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। सीबीआई की 636 पेज की चार्जशीट में Dowry Death और Dowry डिमांड यानी दहेज की मांग के आरोप लगाए गए हैं।

Image

ट्विशा शर्मा के मामले में सीबीआई ने चार्जशीट फाइल की

मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में CBI ने 636 पेज की चार्जशीट दाखिल की है। जांच एजेंसी ने यह चार्जशीट CBI कोर्ट में पेश की है। मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया गया है।

सीबीआई की चार्जशीट में दोनों आरोपियों के खिलाफ दहेज मृत्यु (Dowry Death) और दहेज की मांग से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, 108 और 3(5) के साथ ही दहेज निषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

636 पेज की चार्जशीट में जांच के निष्कर्ष

सीबीआई ने ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े परिस्थितिजन्य सुबूतों और आरोपों की जांच के बाद कोर्ट में यह चार्जशीट दाखिल की है। जांच एजेंसी की कार्रवाई के बाद अब मामले की न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

दहेज निषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत दहेज लेने-देने और दहेज की मांग से जुड़े प्रावधान लागू होते हैं। वहीं, BNS की संबंधित धाराओं के तहत विवाहिता की मौत, पति या रिश्तेदार द्वारा क्रूरता और अन्य आरोपों की जांच की जा सकती है।

अब कोर्ट में आगे बढ़ेगा मामला

636 पेज की चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब कोर्ट चार्जशीट में पेश किए गए सुबूतों और आरोपों पर आगे की प्रक्रिया तय करेगी। आरोपों पर अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही होगा। फिलहाल सीबीआई की चार्जशीट मामले में जांच एजेंसी के निष्कर्षों को कोर्ट के सामने रखती है।

ट्विशा की मां सीबीआई जांच से संतुष्ट नहीं

आज ट्विशा की मां रेखा शर्मा और पिता नवनिधि शर्मा से टाइम्स नाउ नवभारत में खास बातचीत की। ट्विषा शर्मा की मां रेखा शर्मा हमसे बात करते-करते रो पड़ीं। उन्होंने कहा, 'यह हत्या है।' वह सीबीआई की जांच से बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा, उनका सब कुछ चला भी जाएगा तो भी इस लड़ाई को वह जारी रखेंगी। जब तक ट्विषा को न्याय नहीं मिलता, वह लड़ती रहेंगी।

ट्विषा की मां का रो-रोकर काफी बुरा हाल है और वह अपनी बेटी के लिए न्याय मांग रही हैं। ट्विषा की मां ने कहा कि गिरिबाला इतनी बड़ी जज होने के बाद भी आपने न हमसे बात की, न हमें कोई वीडियो कॉल किया। उल्टा हम लगातार फोन कर रहे थे और आपने फोन नहीं उठाया, आपको सजा मिलनी चाहिए।

पिता जांच से काफी हद तक संतुष्ट

ट्विषा के पिता नवनिधि शर्मा ने कहा कि अभी काफी कुछ बाकी है, फिलहाल एफएसएल और बाकी रिपोर्ट्स का इंतजार है। हमसे सीबीआई ने कहा है कि चार्ज आगे बढ़ सकते हैं, फिलहाल उन रिपोर्ट्स पर काफी कुछ निर्भर करता है। सीबीआई अपना काम कर रही है। हत्या का आरोप छोड़कर बाकी सब चार्जेज से हम संतुष्ट हैं।

भाई आशीष शर्मा जांच से संतुष्ट

ट्विषा के भाई आशीष शर्मा ने कहा कि वह सीबीआई की जांच से संतुष्ट हैं। सीबीआई ने इस बात को माना है कि उस के पास आत्महत्या करने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा था। यह सिर्फ ट्विषा का मामला नहीं है, पूरे देश में कितनी लड़कियां रोज मर रही हैं, इस मामले में न्याय में देरी नहीं होनी चाहिए। हमें सीबीआई की जांच पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, चार्जशीट में सबूतों से छेड़छाड़ और दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का जिक्र नहीं है, इसलिए हमें उम्मीद है कि जांच आगे जारी रहेगी और कोई सप्लीमेंट्री चार्जशीट भी बाद में दाखिल की जाएगी।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article