Himachal Pradesh News: लंबे वीकेंड के दौरान पर्यटकों की भारी आमद से हिमाचल प्रदेश के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों पर यातायात प्रभावित हुआ है और प्रमुख पर्यटन केंद्रों में होटल 60 से 80 प्रतिशत तक भरे हुए हैं। पर्यटन उद्योग से जुड़े एक प्रतिनिधि ने शनिवार को यह जानकारी दी। फेडरेशन ऑफ हिमाचल होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन (एफओएचएचआरए) के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि लंबे सप्ताहांत के दौरान पर्यटकों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है और बड़ी संख्या में लोग राज्य के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं।
शिमला से मनाली तक गाड़ियों की लंबी कतारें
मनाली, धर्मशाला और शिमला जैसे पर्वतीय पर्यटन स्थलों की सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे यातायात जाम की स्थिति बनी रही। ठाकुर ने कहा, "हमने राज्य सरकार से उन मार्गों पर पर्यटकों की सहायता और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष पुलिसकर्मियों की तैनाती का अनुरोध किया था, जहां अक्सर जाम लगता है। इससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी सुविधा होती।"
प्रशासन से स्थिति सुधारने की अपील
मनाली में पर्यटन कारोबारियों ने पिछले दो दिनों में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की जानकारी दी है। इसके कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। उन्होंने कहा कि यातायात जाम के कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों को परेशानी हो रही है और प्रशासन से स्थिति सुधारने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया। एक पर्यटक ने कहा कि लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर यातायात जाम अब नियमित समस्या बन गया है।
पार्किंग मिलना भी आसान नहीं
दिल्ली से आए पर्यटक अशोक ने कहा, "हम दो दिन के लिए शिमला आए हैं, लेकिन सड़कों पर वाहनों की रफ्तार बहुत धीमी है और पार्किंग मिलना भी आसान नहीं है।" पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने कहा कि कांगड़ा जिले में मैक्लोड गंज, धर्मशाला और बीर-बिलिंग में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है।
