शहर

Delhi News: पति से 50 लाख की फिरौती वसूलने और सास की हत्या की साजिश, पत्नी समेत गोगी गैंग का गुर्गा गिरफ्तार

दिल्ली में पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आपराधिक षड्यंत्र का पर्दाफाश किया है, जिसमें एक व्यापारी की पत्नी पर ही गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि महिला ने न सिर्फ 50 लाख रुपये की फिरौती की साजिश रची, बल्कि अपनी सास की हत्या की योजना भी बनाई।

Image

दिल्ली में सनसनीखेज खुलासा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक ऐसे सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है, जिसमें एक कारोबारी की पत्नी ने ही अपने पति से 50 लाख रुपये की फिरौती वसूलने और बाद में अपनी सास की हत्या कराने की साजिश रच डाली। इस मामले में पुलिस ने कारोबारी की पत्नी सपना जैन और गोगी गैंग से जुड़े राजत को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी नगर में थोक कारोबार करने वाले एक व्यापारी को 14 जून से अमेरिका के एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से लगातार कॉल और मैसेज आने लगे। कॉल करने वाले ने खुद को गोगी गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। धमकी दी गई कि पैसे नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। बदमाशों ने व्यापारी की दुकान और घर की तस्वीरें और लोकेशन भी भेजीं, जिससे परिवार दहशत में आ गया। शिकायत मिलने के बाद मामला पहले लक्ष्मी नगर थाने में दर्ज हुआ, लेकिन जांच बाद में स्पेशल सेल की न्यू दिल्ली रेंज को सौंप दी गई।

सोनीपत से हुआ राजत गिरफ्तार

तकनीकी जांच और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 25 जून को हरियाणा के सोनीपत से राजत को गिरफ्तार किया। पूछताछ और उसके मोबाइल की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए। पुलिस को पता चला कि राजत एक तरफ अमेरिका में बैठे फिरौती मांगने वाले आरोपी के संपर्क में था, वहीं दूसरी तरफ व्यापारी की पत्नी सपना जैन और उसकी बहन से भी लगातार बातचीत कर रहा था।

पूछताछ में क्या सामने आया?

पूछताछ में सामने आया कि सपना जैन ने ही राजत को अपने पति से फिरौती वसूलने की जिम्मेदारी दी थी। योजना यह थी कि पहले 50 लाख रुपये की उगाही की जाए और बाद में उसकी सास की हत्या कर दी जाए, जबकि पति पर जानलेवा हमला किया जाए। सपना अपने पति की हर गतिविधि की जानकारी भी राजत को दे रही थी।

लंबे समय से चल रहा था घरेलू विवाद

जांच में पता चला कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, कारोबारी की मां हमेशा अपने बेटे का पक्ष लेती थीं, जिससे सपना उनसे नाराज रहती थी। इसी रंजिश के चलते उसने पूरी साजिश रची। आरोपी राजत का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वह जेल में बंद गैंगस्टर रोहित मोई समेत गोगी गैंग के कई सदस्यों के संपर्क में था। करीब तीन साल पहले उसकी पहचान अमेरिका में मौजूद कर्मवीर पहलवान उर्फ मीता से हुई थी, जिसने फिरौती की कॉल कराने में भूमिका निभाई।

स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके मोबाइल फोन से कई अहम चैट और डिजिटल सबूत मिले हैं। मामले में अभी आगे की जांच जारी है और पुलिस इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article