Kanpur News: कानपुर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार को एक जलता हुआ एलपीजी सिलेंडर मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और RPF की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक स्थानीय लोगों ने आग को बुझा दिया था। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।
यह घटना बुधवार को दिल्ली-प्रयागराज रेल रूट के कैंटोनमेंट एरिया में करीब शाम 7:30 बजे हुई। जहां रेलवे ट्रैक से थोड़ी ही दूरी पर एक पांच किलो का गैस सिलेंडर आग की लपटों में घिरा हुआ मिला। अधिकारियों के मुताबिक, सिलेंडर रेलवे ट्रैक से करीब सात फीट की दूरी पर एक सुनसान जगह पर मिला। सिलेंडर में आग लगने की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस, रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF), गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) और क्राइम ब्रांच की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
ट्रेन से गैस सिलेंडर गिरने की आशंका
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह सिलेंडर किसी चलती ट्रेन से गिरा हो सकता है। इस घटना से कुछ देर पहले ही महाबोधि एक्सप्रेस ट्रैक से गुजरी थी। पुलिस का आशंका है कि गैस लीक होने के कारण सिलेंडर में आग लगी होगी। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी ने गैस लीक होने के कारण घबराकर सिलेंडर को ट्रेन से बाहर तो नहीं फेंक दिया।
पुलिस को आधा जला बोरा और आधार कार्ड मिला
पुलिस ने मौके पर घटनास्थल की तलाशी की, इस दौरान पुलिस को आधा जला हुआ एक बोरा भी मिला है। जिसमें कुछ बर्तन, एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ। यह आधार कार्ड प्रतापगढ़ निवासी ओम प्रकाश मिश्रा का बताया जा रहा है।
पुलिस ने मोबाइल में मिले नंबर पर संपर्क किया, जिसमें मिश्रा के बेटे ने बताया कि उसके पिता दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड के का काम करते हैं और अपने सामान के साथ घर लौट रहे थे। बेटे ने यह भी बताया कि उसके पिता को शराब पीने की आदत भी है, जिससे लापरवाही की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि सिलेंडर में आग शायद गलती से आग लगी हो और यह घटना शायद यात्रा के दौरान हुई हो। पुलिस ने बताया कि इस मामले में लापरवाही, शरारत या किसी साजिश के पहलुओं से भी जांच की जा रही है। फिलहाल फोरेंसिक टीम, GRP और RPF मामले की गहन जांच कर रही हैं।
