शहर

महाराष्ट्र SIR पर बॉम्बे HC का बड़ा फैसला, वोटर लिस्ट से नाम हटाने पर रोक लगाने से किया इनकार

चुनाव आयोग की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता आशुतोष कुंभकोणी ने अदालत को बताया कि कई हाई कोर्ट SIR के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई करने से इनकार कर चुके हैं। कुछ अदालतों ने याचिकाकर्ताओं को जरूरी स्पष्टीकरण के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख करने को भी कहा है।

Image

बॉम्बे हाई कोर्ट

Photo : PTI

बॉम्बे हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को लेकर सोमवार को बड़ा आदेश दिया। अदालत ने चुनाव आयोग (ECI) को महाराष्ट्र की वोटर लिस्ट से नाम हटाने से रोकने के लिए अंतरिम आदेश जारी करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में पहले से ही सुप्रीम कोर्ट का आदेश मौजूद है, इसलिए समानांतर कार्यवाही चलाना उचित नहीं होगा।

मुख्य न्यायाधीश महेश चंद्र त्रिपाठी और न्यायमूर्ति अद्वैत सेठना की पीठ ने कहा कि वह न्यायिक मर्यादा यानी 'ज्यूडिशियल प्रोप्राइटी' का पालन करेगी। पीठ ने ध्यान दिलाया कि सुप्रीम कोर्ट नवंबर 2025 में हाई कोर्ट्स को SIR की वैधता और उससे जुड़े अन्य पहलुओं पर याचिकाओं की सुनवाई से रोक चुका है।

ECI ने भी सुप्रीम कोर्ट जाने का दिया हवाला

चुनाव आयोग की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता आशुतोष कुंभकोणी ने अदालत को बताया कि कई हाई कोर्ट SIR के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई करने से इनकार कर चुके हैं। कुछ अदालतों ने याचिकाकर्ताओं को जरूरी स्पष्टीकरण के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख करने को भी कहा है। इस पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट में मामला पहले से विचाराधीन है और वहां रोक से जुड़ा आदेश भी मौजूद है, तो समान मुद्दे पर अलग से समानांतर मुकदमा चलाने का कोई औचित्य नहीं है। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि पहले सुप्रीम कोर्ट को इस मामले पर सुनवाई करने दी जानी चाहिए।

वोटरों के नाम हटाने पर रोक की मांग भी खारिज

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अदालत से कम से कम इतना अंतरिम निर्देश देने का अनुरोध किया गया कि जब तक सुप्रीम कोर्ट मामले की सुनवाई नहीं कर लेता, तब तक महाराष्ट्र की वोटर लिस्ट से किसी भी मतदाता का नाम न हटाया जाए। हालांकि, हाई कोर्ट ने यह अनुरोध भी स्वीकार नहीं किया। मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि अदालत ऐसा कोई आदेश जारी नहीं करेगी और न्यायिक मर्यादा का पालन करेगी।

अदालत को बताया गया कि यह मामला 8 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष सूचीबद्ध है। इसके बाद बॉम्बे हाई कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई करीब तीन सप्ताह बाद करने का फैसला किया।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article