शहर

Ahmedabad News: दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट समेत 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Ahmedabad Bomb Threat:अहमदाबाद के 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिली है। ईमेल में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का भी जिक्र है। जिसके बाद पुलिस, फायर विभाग, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने सुरक्षा जांच शुरू की।

Image

अहमदाबाद के 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Ahmedabad Bomb Threat: गुजरात के अहमदाबाद शहर से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। जहां 10 स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस धमकी भरे ईमेल में स्कूलों के साथ-साथ अहमदाबाद में होने वाले मशहूर गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का भी जिक्र किया गया है। धमकी मिलने के बाद फायर विभाग, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें अलग-अलग स्कूलों में पहुंचीं और सुरक्षा जांच शुरू की। ज्यादातर स्कूल पश्चिमी अहमदाबाद में बताए जा रहे हैं।

किन स्कूलों को मिली धमकी

धमकी पाने वाले स्कूलों में वेजलपुर की जायडस स्कूल, सैटेलाइट की बोडकदेव स्कूल फॉर चिल्ड्रन, छारोड़ी की एसजीवीपी (SGVP) स्कूल, संत कबीर स्कूल और ड्राइव-इन रोड की एशिया स्कूल शामिल हैं। एहतियात के तौर पर जायडस स्कूल के छात्रों को समय से पहले ही छुट्टी दे दी गई।

ईमेल में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का भी जिक्र

ईमेल में सिर्फ स्कूलों ही नहीं, बल्कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले दिलजीत दोसांझ के शो का भी जिक्र किया गया है। ईमेल में 21 नवंबर को अहमदाबाद और 1 नवंबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले शो के दौरान भी बम धमाके की धमकी दी गई है। साथ ही लोगों से इन शो में न जाने की अपील की गई है। ईमेल की सामग्री में 1984 की घटनाओं का भी संदर्भ दिया गया है।

DEO ने स्कूलों को दिए निर्देश

जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रोहित चौधरी ने धमकी के बाद सभी स्कूलों को अपने स्थानीय पुलिस स्टेशन को तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए हैं। स्कूल प्रबंधन से कहा गया है कि छात्रों में पैनिक न फैले और उन्हें सुरक्षित तरीके से परिसर से बाहर निकालकर उनके अभिभावकों को सौंपा जाए। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमकी किसने भेजी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article