शहर

मेघालय में हफ्ते भर पहले लापता हुए थे दंपति, खाई में मिला पति का शव, पत्नी अभी भी लापता

बीते दिनों मेघालय में इंदौर के दंपति के लापता होने के बाद अब एक युवक का शव खाई में मिला, जिसकी पहचान राजा रघुवंशी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि युवक की पत्नी अभी भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है।

Image

मेघालय मेंं लापता हुए पर्यटक का खाई में मिला शव

Meghalaya: मेघालय घूमने गए इंदौर के एक दंपति के लापता होने की खबर सामने आई थी। लापता होने के दो दिन बाद 29 वर्षीय पर्यटक राजा रघुवंशी का शव सोमवार को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला। बताया जा रहा है कि जहां से वह लापता हुआ थे वहां से 20 किलोमीटर की दूरी पर उनका शव मिला है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

गेस्ट हाउस से बाहर जाने के कुछ घंटों बाद लापता हुआ दंपति

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजा और उनकी पत्नी सोनम 23 मई को नोंग्रियाट गांव में स्थित अतिथि गृह से निकलने के कुछ घंटे बाद ही लापता हो गए थे। नोंग्रियाट गांव उस जगह से 20 किलोमीटर की दूरी पर है, जहां उनका शव मिला। जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि “पुलिस के एक ड्रोन ने वेइसाडोंग जलप्रपात पार्किंग स्थल के नीचे एक गहरी खाई में शव का पता लगाया। शाम को शव को मजिस्ट्रेट जांच के लिए ले जाया गया।” उन्होंने कहा कि जांच क्षेत्र के स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में की गई।

हाथ में टैटू देख मृतक की हुई पहचान

अधिकारी ने कहा, "मृतक के रिश्तेदारों ने मृतक के दाहिने हाथ पर 'राजा' लिखे टैटू के आधार पर शव की पहचान राजा रघुवंशी के रूप में की।" अधिकारी ने बताया कि मौके से एक महिला की सफेद शर्ट, दवाई, मोबाइल फोन की स्क्रीन का एक हिस्सा और एक स्मार्टवॉच भी बरामद हुआ है। उन्होंने कहा कि शव को बाद में पोस्टमार्टम के लिए उत्तर पूर्वी इंदिरा गांधी क्षेत्रीय स्वास्थ्य एवं आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया।

पत्नी की तलाश जारी

पूर्वी खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सिम ने कहा कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि बचाव दल राजा की पत्नी सोनम की तलाश जारी रखेंगे। तीस मई को अत्यधिक भारी बारिश और कम दृश्यता के कारण खोज व बचाव अभियान को रोकना पड़ा था, जिसे पुलिस ने 24 मई को शुरू किया था।

मध्यप्रदेश के इंदौर से आए पति-पत्नी 22 मई को किराए के स्कूटर पर मावलखियात गांव पहुंचे थे। उन्होंने अपना स्कूटर खड़ा किया और नोंग्रियाट गांव में प्रसिद्ध ‘लिविंग रूटब्रिज’ देखने गए, जहां वे रात भर ठहरे और अगली सुबह रवाना हो गए। पुलिस ने बताया कि 24 मई को उनका स्कूटर शिलांग से सोहरा जाने वाली सड़क के किनारे एक कैफे में लावारिस हालत में मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया और रविवार को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शुरुआती तलाशी अभियान की योजना बनाई गई।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!