BMC Election 2026 : महाराष्ट्र में आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए सभी पार्टियां तैयारियों में जुटी हैं। शिवसेना (उबाठा) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) समेत अन्य विपक्षी दल अगले सप्ताह अपने गठबंधन की घोषणा कर सकते हैं। इधर, आम आदमी पार्टी (आप) बीएमसी आम चुनाव 2026 के लिए अलग रणनीति तैयार कर रही है। पार्टी ने सभी 227 वार्डों में अकेले चुनाव लड़ने का एलान किया है। पार्टी ने किसी भी गठबंधन से साफ इनकार किया है।
‘आप’ का आरोप है कि मुंबई की हालत बदहाल है और सभी मौजूदा राजनीतिक दलों ने बीएमसी को लूटा है। पार्टी ने कहा कि 74,447 करोड़ रुपये के बजट वाली बीएमसी भ्रष्टाचार और अयोग्यता का केंद्र बन चुकी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन (BEST), कचरा प्रबंधन, पर्यावरण और प्रदूषण जैसे मुद्दों पर बीएमसी पूरी तरह विफल रही है।
‘आप’ ने दावा किया कि दिल्ली और पंजाब की तरह मुंबई में भी बेहतर शासन, पारदर्शिता और विश्वस्तरीय सुविधाएं दी जा सकती हैं। पार्टी का कहना है कि बीएमसी में अच्छे और ईमानदार लोगों की सख्त जरूरत है और मुंबई को ‘आप’ की जरूरत है।
कब है बीएमसी चुनाव?
महाराष्ट्र में 29 नगर निकायों के लिए चुनाव 15 जनवरी को होगा और मतों की गिनती अगले दिन होगी, जिनमें बेहद महत्वपूर्ण बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) भी शामिल है।
शिवसेना (उबाठा) और मनसे जल्द करेगी गठबंधन
शिवसेना (उबाठा) और मनसे ने अभी तक मुंबई को छोड़कर सभी निकायों के लिए सीट बंटवारा लगभग पूरा कर लिया है। शिवसेना (उबाठा) और मनसे मुंबई, ठाणे, मीरा-भायंदर, कल्याण-डोम्बिवली, पिंपरी-चिंचवड, पुणे और नासिक सहित अन्य नगर निकायों के चुनावों के लिए गठबंधन करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख हैं, जबकि कभी उनसे अलग रहे उनके चचेरे भाई राज ठाकरे मनसे के अध्यक्ष हैं।
मनसे के एक नेता ने कहा कि मुंबई को छोड़कर सभी नगर निकायों के लिए बातचीत पूरी हो चुकी है। मुख्य मुद्दा मराठी बहुल क्षेत्रों में हमारी मांग वाली सीटों को लेकर है। शिवसेना (उबाठा) अभी तक इस पर सहमत नहीं हुई है, जिसके कारण सीट बंटवारे में देरी हो रही है। लेकिन अगले सप्ताह (23 दिसंबर से 30 दिसंबर) से नामांकन दाखिल करने की तारीख शुरू होने के कारण बातचीत जल्द से जल्द पूरी होनी चाहिए।
