शहर

भाजपा ने यहां सोनिया गांधी को बनाया अपना उम्मीदवार, कांग्रेस प्रत्याशी की बढ़ी मुश्किलें

सोनिया गांधी लंबे समय तक कांग्रेस की अध्यक्ष रही हैं। लेकिन अब केरल के स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा ने सोनिया गांधी नाम की प्रत्याशी उतारकर कांग्रेस प्रत्याशी के लिए मुसीबतें खड़ी कर दी हैं। निकाय चुनाव 9 और 11 दिसंबर को दो चरणों में होंगे।

Image

भाजपा ने सोनिया गांधी को बनाया अपना उम्मीदवार (फोटो - PTI)

Photo : PTI

भारतीय जनता पार्टी यानी BJP ने स्थानीय निकाय चुनाव में सोनिया गांधी को अपना उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि यहां बाद केरल के निकाय चुनावों की हो रही है और भाजपा ने मुन्नार में सोनिया गांधी को प्रत्याशी बनाया है। केरल के स्थानीय निकाय चुनाव 9 और 11 दिसंबर को दो चरणों में होंगे और 13 दिसंबर को चुनाव के नतीजे घोषित होंगे।

स्थानीय चुनाव में स्थानीय मुद्दों पर प्रत्याशी आमने-सामने लड़ते हैं। लेकिन भाजपा उम्मीदवार सोनिया गांधी अपने नाम के कारण चर्चा में हैं। क्योंकि उनका नाम पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से हूबहू मिलता है।

कौन हैं भाजपा प्रत्याशी सोनिया गांधी

भाजपा ने जिस सोनिया गांधी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वह वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय दुरे राज की बेटी हैं। कांग्रेस नेता रहे दुरे राज ने तत्कालीन पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रभावित होकर अपनी बेटी का नाम भी सोनिया गांधी रख दिया था।

सोनिया गांधी की शादी भाजपा कार्यकर्ता सुभाष से हुई थी। बता दें कि सुभाष अभी पंचायत जनरल सेक्रेटरी के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुभाष भी भाजपा उम्मीदवार के तौर पर ओल्ड मुन्नार मूलाक्कड़ में हुए उपचुनाव में खड़े हो चुके हैं। अपने पति की राह पर चलते हुए सोनिया गांधी भी भाजपा उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में हैं।

BJP Sonia Gandhi

भाजपा प्रत्याशी सोनिया गांधी

कांग्रेस के लिए मुसीबत

भाजपा प्रत्याशी के तौर पर सोनिया गांधी के सामने आने के बाद यहां से कांग्रेस प्रत्याशी मंजुला रमेश के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है। क्योंकि सोनिया गांधी अपने नाम की वजह से जनता के बीच पहुंच बनाने में सफल हो रही हैं। सोनिया गांधी के नाम के कारण यहां के मतदाताओं में एक तरह की असमंजस की स्थिति देखने को मिल सकती है।

महाराष्ट्र में भी हुई थी ऐसी ही दिक्कत

इसी तरह की समस्या महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में महायुति के उम्मीदवारों को भी झेलनी पड़ी थी। जब दक्षिण महाराष्ट्र के चार जिलों में उन्हीं के नाम के 17 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतर आए थे। उदाहरण के लिए बात करें तो सांगली के तसगांव में NCP (SCP) प्रत्याशी रोहित रावसाहेब पाटिल अपना पहला चुनाव लड़ रहे थे। लेकिन उनकी ही सीट से रोहित पाटिल नाम के तीन और उम्मीदवारों ने भी ताल ठोंक दी थी।

भाजपा ने सोनिया गांधी नाम की महिला को अपना प्रत्याशी बनाया है, लेकिन ये वो सोनिया गांधी नहीं हैं, जो लम्बे समय तक कांग्रेस अध्यक्ष और राय बरेली से सांसद थीं। हालांकि, इन सोनिया गांधी के पिता पूर्व में कांग्रेस में थे और उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रभावित होकर ही अपनी बेटी की नाम सोनिया गांधी रखा था।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article