Shajapur MP News: भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी का हाथ छोड़कर बाइक चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने इस वीडियो पर तंज कसते हुए दोहरे मापदंड का आरोप लगाया है।
यह वीडियो आज यानी मंगलवार 29 सितंबर को सामने आया है बताया जा रहा है कि सोमवार को जल जन सेवा रैली कालापीपल से जामनेर जा रही थी। इस रैली में विधायक चंद्रवंशी (Ghanshyam Chandravanshi) भी कार्यकर्ताओं के साथ बाइक रैली में शामिल हुए थे। वायरल वीडियो में विधायक ने हेलमेट पहना हुआ है, लेकिन कुछ देर के लिए वे दोनों हाथ हैंडल से हटाते हुए ऊपर उठाकर बाइक चलाते दिख रहे हैं। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ।
बता दें कि यह पहली बार नहीं है, जब विधायक चर्चा में आए हैं। गणेश उत्सव के दौरान वे भोपाल से गणेश प्रतिमा को कार में सीट बेल्ट लगाकर कालापीपल लाए थे और लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की थी। अब खुद नियम तोड़ते हुए उनका वीडियो सामने आने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं
कांग्रेस ने उठाए प्रश्न
इस पर कांग्रेस नेता कुणाल चौधरी ने वीडियो जारी कर कहा कि नियम सबके लिए समान होने चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या मध्य प्रदेश में कानून के दो विधान हैं - एक माननीयों के लिए और दूसरा आम जनता के लिए?
चौधरी ने कहा कि आम नागरिक अगर मजबूरी में भी हेलमेट छोड़ दें या गलती करें, तो उस पर तुरंत चालान और कार्रवाई की जाती है, लेकिन नेता स्टंट करें तो उसे सिर्फ 'जोश' कहकर छोड़ दिया जाता है। उन्होंने कहा, यह मध्य प्रदेश सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने पूछा कि क्या कानून अपना निष्पक्ष काम करेगा या इसे भी सिर्फ स्टंट मानकर छोड़ दिया जाएगा।
विधायक ने वीडियो जारी कर माफी मांगी
वायरल वीडियो पर विवाद बढ़ने के बाद विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने वीडियो जारी कर माफी मांगी है। विधायक ने कहा - 'कल मेरे द्वारा जो बाइक रैली निकाली गई थी, उसमें मेरे द्वारा हाथ छोड़कर गाड़ी चलाई गई थी। वो जोश और उत्साह में हो गया, क्योंकि सभी युवा साथी थे। मैं सभी क्षेत्रवासियों और युवा साथियों से क्षमा चाहता हूं।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं हमेशा नियमों का पालन करता हूं, लेकिन कल यात्रा में उत्साह के कारण मेरे द्वारा हैंडल छोड़ दिया गया था। ऐसा कोई भी न करे, मेरे द्वारा कोई स्टंट नहीं किया गया था। आगे से मुझसे ऐसी गलती नहीं होगी। इसके लिए मैं सभी सामाजिक बंधुओं से क्षमा चाहता हूं।'
