Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 19-December-2025: बिहार में ठंड ने अचानक तेवर बदल लिए हैं और आने वाले दो दिन राज्य के कई हिस्सों के लिए चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान भीषण शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं और जरूरत पड़ने पर अलाव और अन्य राहत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
तापमान में तेज गिरावट
पिछले कुछ दिनों से बिहार में ठंड लगातार बढ़ रही है। अब केवल रात ही नहीं, बल्कि दिन के समय भी ठिठुरन महसूस की जा रही है। राजधानी पटना में बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे दिन और रात के तापमान का अंतर बेहद कम रह गया। यही कारण है कि दोपहर में भी लोगों को रात जैसी ठंड का अनुभव हो रहा है। कुछ इलाकों में थोड़ी देर के लिए धूप जरूर निकली, लेकिन उसका असर नाकाफी रहा।
कैसा रहेगा आज का मौसम
मौसम विभाग की एडवाइजरी के अनुसार, कई जिलों में न्यूनतम तापमान 12 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। तापमान में गिरावट के साथ-साथ पछुआ हवाओं के कारण ठंड का असर और तेज हो सकता है। 19 दिसंबर के आसपास घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है।
घना कोहरा बना परेशानी की बड़ी वजह
राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह से लेकर शाम तक हल्का से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ और आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कोहरे की वजह से तापमान में और गिरावट आई है, खासकर पटना जैसे शहरी इलाकों में इसका असर ज्यादा देखा गया। आज भी भभुआ, सासाराम, आरा, बक्सर, छपरा, भागलपुर, बांका समेत लगभग पूरे प्रदेश में आज कोहरे का असर दिखाई देगा। मौसम विभाग ने इसको लेकर चेतावनी भी जारी की है।
पिछले साल से ज्यादा सर्द हो सकता है यह मौसम
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार ठंड पिछले वर्ष की तुलना में अधिक तीव्र हो सकती है। खास तौर पर अगले 48 घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं। बिहार मौसम केंद्र के अनुसार, इस दौरान करीब 27 जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का असर ज्यादा रहेगा। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
इन जिलों में शीतलहर का खतरा ज्यादा
जिन जिलों में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप अधिक रहने का अनुमान है, उनमें उत्तर और मध्य बिहार के कई इलाके शामिल हैं। सीतामढ़ी, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, शिवहर, सिवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, पटना, नालंदा, गया, औरंगाबाद, नवादा, दरभंगा, बेगूसराय और मधुबनी सहित कुल 27 जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
प्रशासन और लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर अलाव जलाने, रैन बसेरों की व्यवस्था और अन्य राहत उपायों को सक्रिय किया जाएगा। वहीं आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे ठंड और कोहरे को देखते हुए गैर-जरूरी यात्रा से बचें और खुद को सुरक्षित रखें।
