शहर

पटना में स्कूल से घर लौटते समय दसवीं की छात्रा लापता, रेलवे ट्रैक के पास मिले बस्ता व स्कूल ड्रेस

Khagaul Kendriya Vidyalaya: पटना के खगौल में केंद्रीय विद्यालय की 10वीं की छात्रा लापता। रेलवे ट्रैक के पास मिले बस्ता और स्कूल ड्रेस। पुलिस, आरपीएफ जांच में जुटी।

Image

पटना में स्कूल से घर लौटते समय दसवीं की छात्रा लापता, रेलवे ट्रैक के पास मिले बस्ता व स्कूल ड्रेस

Patna Missing School Girl: बिहार की राजधानी पटना में स्कूल से घर लौटते समय कक्षा दसवीं की एक छात्रा लापता हो गई और उसकी स्कूल ड्रेस व बस्ता रेलवे लाइन के पास मिले हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पटना के खगौल क्षेत्र स्थित केंद्रीय विद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा को सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद उसकी एक सहेली के साथ देखा गया था।

उन्होंने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से भी इसकी पुष्टि हुई है। दानापुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अजीत कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ’'हमें सूचना मिली कि रेलवे लाइन पर एक लड़की की स्कूल ड्रेस और बस्ता पड़ा हुआ है। इसके बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने वहां यातायात जाम कर दिया, जिसे पुलिस ने हटवाया।'

रेलवे सुरक्षा बल से ली जा रही मदद, होगी CDR की जांच

उन्होंने बताया कि छात्रा की तलाश में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की भी मदद ली जा रही है। कुमार ने बताया कि पुलिस मोबाइल फोन नंबर और कॉल विवरण रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कर रही है। इसके साथ ही किसी संदिग्ध या बाहरी नंबर की भी पड़ताल की जा रही है।

उन्होंने कहा कि छात्रा की तलाश के लिए घटनास्थल पर श्वान दस्ते को भी लगाया गया है। एसडीपीओ ने कहा, 'हम सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रहे हैं।'

अनहोनी की आशंका, जमकर हंगामा

पटना के खगौल स्थित केंद्रीय विद्यालय की दसवीं कक्षा की छात्रा सपना कुमारी की रहस्यमयी गुमशुदगी के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया है। किसी अनहोनी की आशंका से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय निवासियों ने मंगलवार को दानापुर-नेउरा मुख्य मार्ग पर सरारी गुमटी के पास आगजनी करते हुए सड़क जाम कर दी और जमकर हंगामा किया। लापता छात्रा सपना कुमारी के पिता संजय कुमार रेलवे में कार्यरत हैं और खगौल स्थित लोको रेलवे कॉलोनी (क्वार्टर नंबर 602 A) में रहते हैं।

सपना कुमारी सोमवार सुबह 8:00 बजे घर से स्कूल गई थी। दोपहर 1:40 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। खगौल स्थित रेलवे ट्रैक के पास खोजते हुए परिजनों को सपना का स्कूल बैग, यूनिफॉर्म और आईकार्ड पड़ा हुआ मिला।

परिजनों का आरोप है कि रेलवे ट्रैक से सामान बरामद होने के तुरंत बाद वे खगौल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेने के बजाय अगले दिन थाना प्रभारी के आने के बाद कार्रवाई करने की बात कहकर टालमटोल किया। प्रशासन के इस उदासीन रवैये और बच्ची के साथ किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।

लोग सरारी गुमटी के पास दानापुर-नेउरा मुख्य मार्ग पर धरने पर बैठ गए और टायर जलाकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। जाम की सूचना पर शाहपुर थाना समेत आसपास के कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची। लेकिन उग्र भीड़ के भारी विरोध को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को भी पीछे हटना पड़ा। करीब 4 घंटे तक सडक जाम हंगामा करने के बाद जब पुलिस ने लड़की को जल्द तलाशने का आश्वासन दिया तो तब आक्रोशित लोगों ने जाम हटाया।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article