शहर

"मेरे बेटे को एक मौका दें मुख्यमंत्री..." जमुई कांड के मुख्य आरोपी की मां ने मांगी माफी, पुलिस एनकाउंटर पर उठाए सवाल

Jamui News: जमुई में छात्रा से छेड़छाड़ के मुख्य आरोपी नंदन यादव की मां ने बेटे की गलती स्वीकारते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से माफी मांगी है। वहीं, उन्होंने पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर का आरोप भी लगाया।

Image

मुख्य आरोपी नंदन यादव की मां ने मांगी माफी

Jamui News: बिहार के जमुई जिले में मड़वा पहाड़ के पास छात्रा से हुई शर्मनाक छेड़छाड़ की घटना के मुख्य आरोपी नंदन यादव की मां ने मीडिया के सामने आकर अपनी बात रखी है। उन्होंने खुले तौर पर स्वीकार किया कि उनके बेटे ने बहुत गलत काम किया है और इस कृत्य के लिए उसे सजा मिलनी चाहिए। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने बेटे की जान बख्शने की गुहार लगाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उसे एक बार माफ करने की हाथ जोड़कर भावुक अपील की है।

"बेटा दोषी है, लेकिन पुलिस ने किया फर्जी एनकाउंटर"

शुक्रवार को मीडिया से बातचीत करते हुए नंदन यादव की मां ने कहा कि इस घटना से उनका पूरा परिवार बेहद दुखी और शर्मिंदा है। उन्होंने कहा कि मड़वा पहाड़ के पास छात्रा के साथ जो हुआ, वह पूरी तरह गलत था और मेरा बेटा उसमें शामिल था। मैं अपने बेटे की इस हरकत के लिए हाथ जोड़कर माफी मांगती हूं। इसके साथ ही नंदन की मां ने पुलिस कार्रवाई की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि पुलिस द्वारा किया गया एनकाउंटर पूरी तरह से फर्जी है। उनका आरोप है कि उनका बेटा प्रतापपुर नदी घाट के पास मवेशी चरा रहा था, तभी पुलिसकर्मी वहां पहुंचे, उसे पकड़ा और उसके पैर में गोली मार दी। नंदन की मां ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी अपनी नौकरी बचाने और दबाव से बचने के लिए उनके बेटे को फर्जी मुठभेड़ में निशाना बना रहे हैं।

पुलिस का क्या है पक्ष?

उल्लेखनीय है कि जमुई में छात्रा और उसके साथी से हुई बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नंदन यादव को गिरफ्तार किया था। पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, गिरफ्तारी और छापेमारी की कार्रवाई के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की थी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article