शहर

Araria News: भरगामा में पटाखा बनाते समय जोरदार धमाका, उड़े मकान के परखच्चे, पुलिस जांच में जुटी

Araria News: बिहार के अररिया स्थित भरगामा में शुक्रवार शाम संदिग्ध पटाखा बारूद में विस्फोट से एक घर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

धमाके में क्षतिग्रस्त मकान

Photo : PTI

Araria News: बिहार के अररिया जिले अंतर्गत भरगामा प्रखंड मुख्यालय के मुस्लिम टोला में शुक्रवार देर शाम हुए एक जोरदार धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। तेज आवाज के साथ हुए इस विस्फोट में एक रिहाइशी मकान का बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के घरों में भी हड़कंप मच गया और लोग जान बचाकर बाहर भागने लगे।

पटाखा बनाने दौरान हुआ बड़ा हादसा

स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी के अनुसार, क्षतिग्रस्त मकान नूर मोहम्मद के पुत्र मो. अख्तर का है। बताया जा रहा है कि घर के भीतर कथित तौर पर अवैध रूप से आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाले पटाखे बनाने का काम चल रहा था। शुक्रवार शाम को कुछ मजदूर पटाखा निर्माण सामग्री को एक बोरे से दूसरे बोरे में उड़ेल रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात कारण से आतिशबाजी सामग्री में जोरदार विस्फोट हो गया।

घायल होने की आशंका, पुलिस जांच जारी

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोग और मजदूर वहां से भाग खड़े हुए। शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स में लगभग आधा दर्जन लोगों के जख्मी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। विस्फोट की सूचना मिलते ही भरगामा थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में ले लिया। पुलिस टीम घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि मकान में किस तरह की विस्फोटक सामग्री या बारूद का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और छानबीन पूरी होने के बाद ही हादसे के सटीक कारणों और नुकसान की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article