कृषि

गिर से मुर्रा तक! देश में तैयार होंगे बेहतर नस्ल के पशु, पीएम मोदी ने बनासकांठा में किया 325 करोड़ के केंद्र का उद्घाटन

पीएम मोदी ने गुजरात दौरे पर बनासकांठा में मवेशी अनुसंधान केंद्र का जायजा लिया। साथ ही, उन्होंने मेट्रो विस्तार, हाईवे चौड़ीकरण, बायो-सीएनजी प्लांट और आंगनवाड़ी केंद्रों जैसी विकास परियोजनाओं की सौगात दी।

Image

प्रधानमंत्री मोदी का गुजरात दौरा: बनासकांठा में मवेशी अनुसंधान केंद्र का जायजा लिया

Photo : ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान शुक्रवार को बनासकांठा जिले पहुंचे। यहां उन्होंने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) के कैटल फार्म और एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (ET-IVF) लैब का दौरा किया। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उप-मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी भी उनके साथ मौजूद रहे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य राज्य में पशुधन के विकास, उन्नत प्रजनन तकनीकों और विभिन्न ढांचागत विकास परियोजनाओं को गति देना है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बनास डेयरी द्वारा स्थापित यह केंद्र 127 एकड़ में फैला है और इसे 325 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इस परियोजना को नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) का तकनीकी मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के 'राष्ट्रीय गोकुल मिशन' का सहयोग प्राप्त है।

कांकरेज गाय की नस्ल सुधार के लिए देश का पहला केंद्र

बनासकांठा में स्थित यह नया केंद्र देश का पहला ऐसा संस्थान है, जो विशेष रूप से 'कांकरेज' गाय की नस्ल को बेहतर बनाने और उसके संरक्षण के लिए समर्पित है। आधुनिक प्रजनन तकनीकों और ईटी-आईवीएफ (ET-IVF) लैब की मदद से गायों की नस्ल में सुधार की गति को 10 से 20 गुना तक बढ़ाया जा सकेगा। यह केंद्र न केवल उन्नत नस्ल की गायों को बढ़ावा देगा, बल्कि डेयरी किसानों की आय बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बनासकांठा में रोडशो और बायो-सीएनजी प्लांट का शिलान्यास

अनुसंधान केंद्र के दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनासकांठा में एक भव्य रोडशो किया, जहां स्थानीय लोगों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री बनास डेयरी के दो नए बायो-सीएनजी (Bio-CNG) प्लांट्स की आधारशिला भी रखेंगे। ये प्लांट थराद और राधनपुर में स्थापित किए जा रहे हैं। थराद स्थित प्लांट में प्रतिदिन 75 मीट्रिक टन और राधनपुर स्थित प्लांट में प्रतिदिन 100 मीट्रिक टन गोबर को प्रोसेस करने की क्षमता होगी। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।

अहमदाबाद मेट्रो फेज-2 का विस्तार और हाईवे का चौड़ीकरण

सड़क और परिवहन ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इनमें अहमदाबाद मेट्रो फेज-2A और फेज-2B की आधारशिला रखी जाएगी। फेज-2A के तहत कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक 6 किलोमीटर लंबा मेट्रो रूट बनाया जाएगा जिसमें 5 स्टेशन होंगे। वहीं, फेज-2B के तहत गिफ्ट सिटी (GIFT City) से शाहपुर तक 3.3 किलोमीटर लंबा रूट बनेगा जिसमें 3 स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा, अहमदाबाद और उत्तर गुजरात के बीच आवागमन को सुगम बनाने के लिए अहमदाबाद-महसाणा स्टेट हाईवे-41 को चार लेन से बढ़ाकर आठ लेन किया जाएगा। करीब 2,600 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह हाईवे क्षेत्र में कनेक्टिविटी को एक नया आयाम देगा।

4 हजार से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों की सौगात

महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में भी एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री राज्य में 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही, करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 361 नवनिर्मित आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन भी किया जाएगा। इस पहल से गुजरात के चार लाख से अधिक बच्चों और माताओं को सीधा लाभ मिलेगा।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article