देश

अनंत सिंह जाएंगे जेल, बिहार के बाहुबली विधायक को सुप्रीम कोर्ट का आदेश- 1 दिसंबर तक सरेंडर करें

सुप्रीम कोर्ट ने दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की जमानत रद्द करते हुए उन्हें 1 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया है।

Image

मोकामा विधायक अनंत सिंह को सरेंडर करने का आदेश (फोटो- सोशल मीडिया)

दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में फंसे मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सर्वोच्च न्यायालय ने पटना हाईकोर्ट द्वारा उन्हें दी गई जमानत को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए अनंत सिंह को 1 दिसंबर तक आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने का सख्त आदेश दिया है।

याचिका पर सुनवाई के बाद निर्देश

दुलारचंद यादव हत्याकांड में आरोपी बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। इस जमानत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी, जिस पर सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने यह अहम निर्देश जारी किया है। अब विधायक को तय समय-सीमा के भीतर अदालत या संबंधित थाने में सरेंडर करना होगा।

कोर्ट ने क्या कहा

जस्टिस एम.एम. सुंदेश और जस्टिस पी.वी. वराले की पीठ ने कहा कि पटना उच्च न्यायालय ने अपराध की प्रकृति और आरोपी के आपराधिक इतिहास पर विचार किए बिना ही अनंत सिंह को जमानत देकर गलती की है। सुप्रीम कोर्ट ने उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगा दी और सिंह को दी गई जमानत रद्द कर दी, साथ ही उसे तय समय-सीमा के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।

जदयू ने पार्टी से कर दिया है निष्कासित

इससे पहले नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर मोकामा के विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। अनंत सिंह ने बिहार विधान परिषद चुनाव में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के लिए प्रचार शुरू करके जद (यू) के खिलाफ बगावत का रुख अपना लिया था। उन्होंने अनुज सिंह का समर्थन और उनके पक्ष में प्रचार करके विधान परिषद चुनाव में जद (यू) के विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार को ’हराने’ का संकल्प लिया था। हालांकि अनुज सिंह जीत नहीं पाए।

जद (यू) ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की सिफारिश भी की है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article