शहर

बिहार का मौसम (28 Jan 2026) Bihar Weather Today: बिहार में मौसम का यू-टर्न, आज 11 जिलों में तड़क-गरज के साथ होगी बारिश; IMD का अलर्ट

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 28 Jan 2026: जनवरी के आखिरी दिनों में बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है, जबकि अगले कुछ दिनों में घना कोहरा भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। आइए जानते हैं बिहार के मौसम का हाल।

Image

बिहार के कई जिलों में आज बारिश के आसार (सांकेतिक चित्र)

बिहार में आज का मौसम (28 Jan 2026): जनवरी के अंतिम दिनों में बिहार का मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से राज्य में सुबह-शाम की कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया हुआ था। अब पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मौसम में अस्थिरता के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम और उत्तर बिहार के कुछ जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।

आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 28 जनवरी, बुधवार को बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, लेकिन पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। संभावित खतरे को देखते हुए इन जिलों के लिए इनमें से कुछ जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटे कैसा रहा हाल

बीते 24 घंटों में राज्य का मौसम सामान्य बना रहा, लेकिन सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बनी रही। इस दौरान अधिकतम तापमान कैमूर में 26 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान समस्तीपुर में 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। गया में दृश्यता घटकर लगभग 300 मीटर तक पहुंच गई।

कल से बढ़ेगा कोहरे का असर

मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार से राज्य में कोहरे की स्थिति और गंभीर हो सकती है। उत्तर बिहार और कुछ मध्य जिलों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर और वैशाली जैसे जिलों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 30 जनवरी को भी इन इलाकों में कोहरे का असर बना रह सकता है, हालांकि 31 जनवरी से स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने की उम्मीद है।

तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना

आने वाले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड में हल्की बढ़ोतरी होगी। वहीं, अगले 48 घंटों के दौरान रात के तापमान में कुछ स्थानों पर मामूली बढ़ोतरी के संकेत हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव अस्थायी होगा और जनवरी के अंत तक मौसम ज्यादातर शुष्क बना रह सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार में इस समय मौसम के उतार-चढ़ाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ है। उत्तर-पश्चिम भारत से सक्रिय यह मौसमी तंत्र नमी लेकर आ रहा है, जिसका प्रभाव खासतौर पर बिहार के उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में दिख रहा है। नमी बढ़ने के कारण बादलों की आवाजाही तेज हुई है, जिससे कुछ इलाकों में बारिश और वहीं तापमान में बदलाव महसूस किया जा रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article