बिहार में आज का मौसम (07 Feb 2026): बिहार में सामान्य ठंड पड़ रही है। सुबह-शाम ठिठुरन भरा मौसम बना हुआ है। हालांकि दिन में धूप भी निकल रही है, जिससे ठंड से राहत महसूस हो रही है। प्रदेश में कोहरे का प्रभाव भी कम हुआ है। अगले 7 दिनों तक घने कोहरे को लेकर बिहार में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के कारण राज्य में हल्की ठंड पड़ रही है और कोहरे का असर भी कम हुआ है। इस मौसम के पीछे की वजह हवा की कम स्पीड और वातावरण में नमी बने रहना भी है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
बिहार में आज सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा कहीं-कहीं देखने को मिल सकता है। हालांकि इस दौरान मौसम विभाग ने किसी भी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। आज प्रदेश में अधिकतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। अगले 2 दिनों बाद न्यूनतम तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में अगले 3-4 दिनों तक कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है।
बिहार में अगले 7 दिन मौसम का हाल
IMD के अनुसार, बिहार में अगले 7 दिन मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। राज्य में इस महीने बारिश के आसार नहीं हैं। फरवरी में सूरज की किरणें जमीन पर अधिक समय तक रहती हैं। जिससे दिन का पारा बढ़ेगा है और लोगों को हल्की गर्मी हो रही है। उत्तर भारत में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ भी कमजोर हो रहा है। जिसके कारण ठंड में कमी आ रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बिहार में फरवरी माह में मौसम ट्रांजिशन फेज में रहेा। इस दौरान मौसम धीरे-धीरे सामान्य से गर्म हो जाएगा।
बिहार का सबसे ठंडा जिला
बिहार में पिछले 24 घंटे में सबसे ठंडा जिला किशनगंज रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद औरंगाबाद में न्यूनतम पारा 9.3 डिग्री और गयाजी में 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा अन्य सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर बना रहा। प्रदेश की राजधानी पटना में इसे 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां अगले कुछ दिनों तक हल्की ठंड पड़ने की संभावना है। पटना में आज मौसम शुष्क रहेगा और अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
