बिजनेस

Jio से जेटवर्क तक 12 कंपनियां ला रहीं IPO, इस महीने बाजार में बरसेगा रिकॉर्ड तोड़ पैसा

पिछले महीने शेयर बाजार में आईपीओ की संख्या के हिसाब से 30 साल का रिकॉर्ड टूटा था। वहीं, इस महीने वैल्यू के हिसाब से रिकॉर्ड टूट सकता है। क्योंकि, जियो से जेटवर्क तक बड़े IPO आने वाले हैं।

Image

इस महीने खुलने हैं 12 कंपनियों के इश्यू

Upcoming IPO Jio to Zetwerk October 2026: शेयर बाजार के प्राइमरी मार्केट में अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में हलचल बढ़ने वाली है। मुकेश अंबानी की Jio Platforms से लेकर Zetwerk Manufacturing Business और Avaada Electro तक 12 कंपनियां IPO के जरिए बाजार से पैसा जुटाने की तैयारी में हैं। इनमें से जिन 10 कंपनियों के इश्यू का पूरा आकार सामने आया है, वे मिलकर करीब ₹50,651 करोड़ जुटा सकती हैं। बाकी कंपनियों के इश्यू की पूरी रकम सामने आने पर यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। हालांकि, सभी 12 कंपनियों की लॉन्च डेट अभी तय नहीं है।

इस महीने निवेशकों की नजर खास तौर पर Jio Platforms के बहुप्रतीक्षित IPO पर रहेगी। वहीं, Zetwerk, HD Fire Protect, Fusion CX, Tonbo Imaging, Bonfiglioli Transmissions और Sahajanand Medical Technologies के इश्यू भी चर्चा में हैं। कंपनियों का यह समूह टेक्नोलॉजी, हेल्थकेयर, रिन्यूएबल एनर्जी, डिफेंस और मैन्युफैक्चरिंग जैसे अलग-अलग सेक्टर से जुड़ा है।

₹50,000 करोड़ से ज्यादा जुटाने की तैयारी

IPO बाजार में आने वाली इन कंपनियों के इश्यू साइज में बड़ा अंतर है। Jio Platforms अकेले करीब ₹30,213 करोड़ जुटाने की तैयारी में है। वहीं, Zetwerk का इश्यू लगभग ₹5,012 करोड़ का है। Avaada Electro ₹7,600 करोड़ जुटाने की योजना के साथ पाइपलाइन में है।

कंपनीप्रस्तावित इश्यू साइजIPO की स्थिति
Jio Platforms₹30,213 करोड़ तक21–23 अक्टूबर
Zetwerk Manufacturing Business₹5,012.33 करोड़15–19 अक्टूबर
Avaada Electro₹7,600 करोड़तारीख घोषित नहीं
Bonfiglioli Transmissionsकरीब ₹2,534 करोड़15–19 अक्टूबर
Paras Healthcare₹1,800 करोड़तारीख घोषित नहीं
Tonbo Imagingकरीब ₹852 करोड़15–19 अक्टूबर
HD Fire Protect₹712.31 करोड़13–15 अक्टूबर
Fusion CX₹702 करोड़14–16 अक्टूबर
Sahajanand Medical Technologiesकरीब ₹475.5 करोड़15–19 अक्टूबर
NDR InvIT Trust₹750 करोड़तारीख घोषित नहीं
Gujarat Victory Forgingsपूरा इश्यू साइज उपलब्ध नहींतारीख घोषित नहीं
SFC Environmental Technologies₹150 करोड़ का फ्रेश इश्यू + OFSतारीख घोषित नहीं

नोट: ₹50,651 करोड़ का आंकड़ा उन 10 कंपनियों के रिपोर्टेड इश्यू साइज का जोड़ है, जिनकी पूरी राशि उपलब्ध है। यह सभी 12 IPO की अंतिम कुल राशि नहीं है। Jio Platforms और Zetwerk के आंकड़े ऊपरी इश्यू साइज पर आधारित हैं।

Jio Platforms IPO तोड़ेगा सारे रिकॉर्ड

Jio Platforms का IPO इस महीने का सबसे बड़ा आकर्षण हो सकता है। कंपनी ने ₹1,065 से ₹1,119 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। ऊपरी कीमत पर IPO का आकार करीब ₹30,213 करोड़ होगा। सब्सक्रिप्शन 21 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक चलने की योजना है और शेयरों की लिस्टिंग 28 अक्टूबर के आसपास होने की उम्मीद है। इस आकार के साथ Jio Platforms का इश्यू 2024 में आए Hyundai Motor India के करीब ₹27,800 करोड़ के IPO को पीछे छोड़ सकता है। Jio Platforms, Reliance Industries की टेलीकॉम और डिजिटल सर्विसेज इकाई है। इसके IPO पर रिटेल निवेशकों से लेकर बड़े संस्थागत निवेशकों तक की नजर रहेगी।

Zetwerk का ₹5,012 करोड़ का IPO भी सुर्खियों में

Zetwerk Manufacturing Business का IPO 15 अक्टूबर को खुलेगा और 19 अक्टूबर को बंद होगा। इसका प्राइस बैंड ₹143 से ₹151 प्रति शेयर है। कंपनी करीब ₹5,012.33 करोड़ जुटाने की तैयारी में है। इस इश्यू में ₹2,830 करोड़ का फ्रेश इश्यू और मौजूदा शेयरधारकों की ओर से करीब ₹2,182.33 करोड़ का Offer for Sale (OFS) शामिल है। फ्रेश इश्यू से मिलने वाली रकम कंपनी को मिलेगी, जबकि OFS के तहत शेयर बेचने वाले मौजूदा निवेशकों को पैसा मिलेगा। कंपनी की योजना में कर्ज चुकाना और कारोबारी जरूरतों के लिए पूंजी जुटाना शामिल है।

इस सप्ताह खुलेंगे कई IPO

13 अक्टूबर को HD Fire Protect का ₹712.31 करोड़ का IPO खुलेगा। इसके बाद 14 अक्टूबर को Fusion CX का ₹702 करोड़ का इश्यू शुरू होगा। 15 अक्टूबर से Zetwerk, Tonbo Imaging, Bonfiglioli Transmissions और Sahajanand Medical Technologies के IPO के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इनमें कई इश्यू पूरी तरह OFS आधारित हैं। इसका मतलब है कि IPO से जुटाई गई रकम सीधे संबंधित कंपनी के पास जाने के बजाय शेयर बेचने वाले मौजूदा निवेशकों को मिलेगी। इसलिए निवेशकों को केवल इश्यू साइज देखकर यह नहीं मानना चाहिए कि कंपनी को उतनी ही नई पूंजी मिलेगी।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article