Bihar Flood News: बिहार में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। राज्य के 15 जिलों में बिहार में बाढ़ का संकट लगातार गंभीर बना हुआ है। राज्य के 15 जिलों के 21 शहर और अन्य इलाके गंभीर बाढ़ की स्थितिसे जूझ रहे हैं। लगभग 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। कई नदियां अब भी अलग-अलग स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रशासन की तरफ से राहत और बचाव अभियान जारी है, लेकिन घर-बार छोड़कर शिविरों में रह रहे लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है।
राहत शिविरों में भी लोगों की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रहीं। अलग-अलग जगहों पर कम्युनिटी किचन की व्यवस्था की गई है, लेकिन वहां पर भी लोगों को ठीक से भोजन नहीं मिल पा रहा है। लोगों का कहना है कि उन्हें समय पर भोजन नहीं मिल रहा है। बाढ़ पीड़ितों के अनुसार कई बार भोजन की गुणवत्ता इतनी खराब होती है कि उसे खाना ही मुश्किल हो जाता है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा बाढ़ प्रभावित
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या लगभग 50 लाख तक पहुंच गई है। सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अररिया शामिल हैं।
ये नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं
राज्य में इस महीने हुई बारिश और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है। गंगा, कोसी, बूढ़ी गंडक, पुनपुन, बागमती और घाघरा सहित कई नदियां अलग-अलग स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 1.71 मीटर ऊपर रिकॉर्ड किया गया था।
1200 से ज्यादा कम्युनिटी किचन
बाढ़ प्रभावित लोगों तक भोजन पहुंचाने के लिए राज्य के अलग-अलग इलाकों में बड़ी संख्या में कम्युनिटी किचन चलाए जा रहे हैं। सोमवार 14 सितंबर की प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक लगभग 1260 कम्युनिटी किचन और 13 राहत शिविर चलाए जा रहे हैं। राहत शिविरों में भोजन, रहने और मेडिकल सहायता जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
48 हजार से ज्यादा ड्राई राशन पैकेट बांटे गए
राहत सामग्री के तौर पर पॉलीथीन शीट और ड्राई राशन पैकेट भी लोगों में वितरित किए जा रहे हैं। इससे पहले 11 सितंबर तक लगभघ 3.10 लाख पॉलीथीन शीट और 48300 ड्राई राशन पैकेट बांटे जा चुके थे। इसके बाद राहत वितरण का दायरा और बढ़ाया गया है।
8.27 लाख परिवारों को भेजी सहायता
बिहार सरकार ने मंगलवार 15 सितंबर को 8.27 लाख बाढ़ प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में 579.23 करोड़ रुपये की राहत राशि ट्रांसफर की। बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को 7000 रुपये की सहायता दी गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रभावित जिलों को बाढ़ से हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं।
कांग्रेस की सरकार और अपने कार्यकर्ताओं से अपील
इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत और बचाव सहायता जल्द से जल्द पहुंचाने की अपील की है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी प्रभावित इलाकों में मदद करने को कहा है।
बिहार में राहत और बचाव अभियान के साथ अब प्रभावित परिवारों की रोजमर्रा की जरूरतों पर भी ध्यान देना जरूरी हो गया है। राहत शिविरों में भोजन की उपलब्धता के साथ उसकी गुणवत्ता और समयबद्धता पीड़ितों के लिए अहम मुद्दा बनी हुई है।
