शहर

ट्विशा शर्मा केस के बीच नई सनसनी, रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह के घर बड़ी चोरी, जानें क्या-क्या हुआ गायब?

भोपाल में 'ट्विशा शर्मा' केस की मुख्य आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर चोरी की वारदात हुई है। चोरों ने उनके घर से सोने-चांदी के गहने और ज्वेलरी की चोरी की और मौके से फरार हो गए। उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है।

Image

रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह (फाइल फोटो)

Photo : ANI

भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा हत्याकांड से जुड़ी रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह के घर चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शनिवार देर रात उनके घर में तीन नकाबपोश बदमाश घुसे। आरोपियों ने घर से सोने के गहने और कुछ दस्तावेज चुराए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सघन जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

चोरी के समय घर में मौजूद था बड़ा बेटा

पुलिस ने बताया कि शनिवार रात करीब 2 बजे तीन बदमाश घर की पहली मंजिल के पिछले रास्ते से अंदर आए। उस समय घर में केवल गिरीबाला सिंह का बड़ा बेटा मौजूद था। चोरों ने घर में रखे कीमती सामान पर अपना निशाना बनाया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान इलाके में गश्त कर रही पुलिस टीम को इलाके में संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। जब पुलिसकर्मियों ने तीनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने पुलिस टीम के साथ हाथापाई की और मौके से फरार हो गए। लेकिन भागते समय बदमाश अपना एक बैग वहीं छोड़ गए, जिसमें चांदी के बर्तन और कुछ दस्तावेज मिले हैं। पुलिस ने बैग को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस रजनीश कश्यप ने बताया कि चोरी के बाद मौके से मिले सबूतों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, साथ ही तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सकी और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

ट्विशा शर्मा हत्याकांड के मुख्य आरोपी

यह मामला इसलिए भी संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह और उनका छोटा बेटा समर्थ सिंह ट्विशा शर्मा हत्या केस में मुख्य आरोपी है और अभी न्यायिक हिरासत में हैं। ऐसे में पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि चोरी हुए दस्तावेजों का संबंध किसी महत्वपूर्ण केस रिकॉर्ड या अन्य जरूरी कागजात से तो नहीं है। पुलिस के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। चोरी गए सामानों की पूरी लिस्ट तैयार की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई है और लगातार छापेमारी जारी हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!