भोपाल

इंदौर में मिली महिला की लाश, बोरे में मिले शव के टुकड़े, इलाके में सनसनी

  • Agency by: IANS
  • Updated May 26, 2024, 03:45 PM IST

इंदौर में लावारिस पड़े बोरे में एक महिला के शव के टुकड़े मिले हैं। शव के दोनों हाथ बंधे हुए मिले हैं। महिला की उम्र 50-55 साल की बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Image

इंदौर में बोरे में मिला महिला का शव

Indore News: मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर के चंदन नगर में एक बोरे में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के हाथ बंधे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार रविवार को चंदन नगर थाना क्षेत्र के बांक क्षेत्र में लावारिस हालत में एक बोरा पड़ा नजर आया। इस बात की पुलिस को सूचना दी गई। इस बोरे में महिला का शव मिला।

शव के हाथ बंधे हुए थे

पुलिस को पहले आशंका थी कि महिला की हत्या कर उसके शव के टुकड़े किए गए हैं। मगर, जब बोरे को खोलकर देखा गया तो उसके भीतर एक महिला का शव मिला, जिसके दोनों हाथ बंधे हुए थे। जिस महिला का शव बोरे में मिला है, उसकी उम्र 50 से 55 साल के बीच बताई जा रही है। पुलिस इस बात की जांच में लगी है कि आखिर महिला की हत्या कब और कैसे की गई है। महिला का शव बोरे में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

बोरे से आ रही थी बदबू

बोरे में संदिग्ध वस्तु होने की बात सामने आने पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। जब पुलिस आई तब वास्तविकता का खुलासा हो पाया। महिला कौन है और मूल रूप से कहां की निवासी है, इसका पता नहीं चल पाया है। पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बोरे में पड़े शव से बदबू आ रही थी। इस बात की आशंका ज्यादा है कि हत्या दो से तीन दिन पहले की गई होगी।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

एडिशनल डीसीपी आनंद यादव ने बताया है कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस बात का खुलासा हो सकेगा कि महिला की हत्या कैसे की गई है। इस हत्याकांड में कौन लोग शामिल हैं और हत्या आखिर क्यों की गई है।

End of Article