भोपाल

MP Accident: भिंड में दर्दनाक हादसा, ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर में 5 लोगों की मौत

MP Accident News: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक ट्रक ने दो मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार 5 लोगों की मौत हो गई है। इसी तरह की एक घटना एमपी के पन्ना जिले से भी सामने आई है, जहां टूरिस्ट बस की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो सगी बहनों समेत तीन लोगों की मौत हो गई है।

Image

एमपी सड़क हादसा (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

MP Accident News: मध्यप्रदेश के भिंड जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में पांच लोगों की मौत की खबर सामने आई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना भिंड-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पर हुई। यहां एक ट्रक ने दो मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, जिस पर सवार 5 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मोटरसाइकिल और ट्रक की टक्कर

न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने बताया कि फूप पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजमार्ग पर टेढ़ी पुलिया के पास हुई इस दुर्घटना में मारे गए पांच लोगों में एक लड़की और एक महिला भी शामिल हैं। फूप पुलिस थाने के प्रभारी सत्येन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि टेढ़ी पुलिया के पास दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच लोग कहीं जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस द्वारा शवों की पहचान की जा रही है।

पन्ना सड़क दुर्घटना में तीन की मौत

मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में तेज रफ्तार से जा रही एक टूरिस्ट बस ने कथित तौर पर एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो सगी बहनों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि यह घटना जिले के अजयगढ़ बाईपास पर मंगलवार सुबह उस समय हुई जब तीनों अष्टमी के अवसर पर एक मंदिर में पूजा कर अपने घर लौट रहे थे। पन्ना कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने बताया कि मृतकों की पहचान लालकरण (22), अंजलि (17) और अनारकली (12) के रूप में हुई है और तीनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article