Ujjain To Bhopal Train: रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और उज्जैन–भोपाल रूट पर बढ़ते यात्री दबाव को ध्यान में रखते हुए उज्जैन और संत हिरदाराम नगर (भोपाल) के बीच स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन आज, यानी 26 जुलाई से 31 अगस्त 2025 तक प्रत्येक दिन चलाई जाएगी। विशेष बात यह है कि यह ट्रेन सिर्फ सामान्य श्रेणी (General Class) के डिब्बों के साथ चलेगी और स्पेशल किराए (Special Fare) पर उपलब्ध होगी।
गाड़ी संख्या 09311 उज्जैन से प्रतिदिन दोपहर 2:05 बजे रवाना होगी और शाम 6:35 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन तराना रोड, मक्सी जंक्शन, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल और सीहोर जैसे स्टेशनों पर ठहरेगी। वहीं वापसी के लिए गाड़ी संख्या 09312 संत हिरदाराम नगर से हर रात 9:35 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 1:35 बजे उज्जैन पहुंचेगी। वापसी यात्रा के दौरान यह ट्रेन उन्हीं स्टेशनों पर रुकती है, जहां से जाते समय रुकती है।
यह स्पेशल सेवा, खासतौर पर सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है। कम किराए और नियमित संचालन के चलते यह ट्रेन उन लोगों को बड़ी राहत देगी जो उज्जैन और भोपाल के बीच निर्भरता से यात्रा करते हैं। साथ ही, भीड़भाड़ को नियंत्रित करने में भी यह ट्रेन बड़ी भूमिका निभाएगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के स्टॉपेज, समय और किराए संबंधी जानकारी के लिए रेल मदद हेल्पलाइन 139 या रेलवे के डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का उपयोग करें।
