रीवा की मौत की घाटी सुहागी में एक और हादसा
Rewa Road Accident: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यह हादसा रीवा में मौत की घाटी के नाम से मशहूर सुहागी घाटी में हुआ है। यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। यहां एक ट्रक ऑटो पर पलट गया, जिससे 7 लोगों की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया की रीवा के सुहागी घाटी में गुरुवार यानी आज थाना क्षेत्र अंतर्गत NH30 पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो के ऊपर पलट गया। हादसे के समय ऑटो में 8 लोग सवार थे, जिसमें से 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 38 वर्षीय रामजीत जायसवाल, 35 वर्षीय पिंकी जयसवाल, 8 वर्षीय अंबिका जयसवाल, निवासी ग्राम भमरा थाना शाहपुर मऊगंज 7 वर्षीय कुमारी मानवी जायसवाल निवासी बहेरी थाना देवतालाब, 6 वर्षीय अरविंद जायसवाल उम्र 6 वर्ष निवासी बहेरी थाना देवतालाब, 12 वर्षीय सौरभ जयसवाल निवासी उमरी थाना मऊगंज, 65 वर्षीय हीरालाल जायसवाल निवासी भमरा जिला मऊगंज शामिल हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऑटो में सवार सभी लोक प्रयाग से गंगा स्नान करने के बाद मऊगंज जिले के नईगढ़ी जा रहे थे। उसी दौरान ट्रक प्रयागराज से होकर रीवा की ओर जा रहा था। तभी अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक ऑटो पर पलट गया और ये भीषण सड़क हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पता लगा रही है कि यह हादसा किस की लापरवाही से हुआ है और इसकी असल वजह क्या है।