भोपाल

MP का मौसम 22-June-2025: 90% राज्य मानसून के असर में, एक ही दिन में आई महीने भर की बारिश, भोपाल में भी जल्द होगी एंट्री

प्रदेश के 90% से अधिक क्षेत्रों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। आलम यह है कि आलीराजपुर जिले में एक ही दिन में सवा महीने की बारिश हो गई, जबकि सीधी-शिवपुरी में 25 दिन की बारिश का पानी गिरा। यहां अतिवृष्टि की स्थिति बनी हुई है। दूसरी ओर, इंदौर और भोपाल में मानसून की एंट्री के बाद से तेज बारिश का इंतजार किया जा रहा है।

Image

सीधी और अलीराजपुर में एक दिन में हुई महीने भर की बारिश

MP Weather: मध्य प्रदेश के 90% से अधिक हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जिससे कई जिलों में अतिवृष्टि की स्थिति उत्पन्न हो गई है। आलीराजपुर जिले में एक ही दिन में सवा महीने की बारिश हुई, जबकि सीधी और शिवपुरी में 25 दिन की बारिश के बराबर पानी गिरा। मौसम केंद्र के अनुसार, आलीराजपुर के कट्ठीवाड़ा में शुक्रवार को 7.5 इंच और भाबरा में 6.5 इंच बारिश हुई, जो वहां की औसत बारिश से 40 दिन अधिक है। सीधी जिले के सिंहावल में 4.5 इंच और शिवपुरी के बदरवास में 4.25 इंच बारिश हुई। इसके अलावा, रीवा, मोहन, झाबुआ, श्योपुरकला और गुना जिलों में भी जोरदार बारिश हुई।

इंदौर-भोपाल में जल्द होगी बारिश

मौसम विभाग के मानकों के अनुसार, जब किसी स्थान पर 24 घंटे के भीतर 65.4 मिमी (करीब 2.5 इंच) से अधिक वर्षा होती है, तो उसे भारी बारिश माना जाता है। अगर यह मात्रा इससे भी अधिक हो, तो उसे अति भारी बारिश की श्रेणी में रखा जाता है। शुक्रवार को आलीराजपुर और सीधी जिलों में जो बारिश हुई, वह इस तय सीमा से कई गुना अधिक थी, इसलिए इन दोनों स्थानों पर हुई बारिश को अतिवृष्टि की श्रेणी में रखा गया है। आगे की स्थिति में अशोकनगर में भी अति भारी बारिश की संभावना है, और इंदौर-भोपाल में हलचल के आसार हैं। इंदौर और भोपाल में मानसून की एंट्री के बाद से तेज बारिश का इंतजार किया जा रहा है। इंदौर में शनिवार को भी हल्की फुहारों का सिलसिला जारी रहा, जहां तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन जिलों में बारिश के अलर्ट

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। अशोकनगर, शिवपुरी और सागर जिलों में रविवार सुबह तक अति भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट*घोषित किया गया है। वहीं नीमच, सीधी, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां रविवार को तेज बारिश और तेज हवाओं के आसार हैं। इसके अलावा इंदौर और भोपाल में अगले तीन दिनों तक येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा, जहां गरज-चमक के साथ तेज हवा और बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article