AAP Hunger Strike in Delhi: दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। पार्टी ने 15 अक्टूबर को एक दिन की भूख हड़ताल करने का ऐलान किया है। पार्टी के मुताबिक, दिल्लीभर से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इस दिन पार्टी मुख्यालय पर जुटेंगे और सांकेतिक विरोध दर्ज कराएंगे। सोमवार को पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया।
बैठक में राज्यसभा सांसद संजय सिंह, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, पूर्व मंत्री एवं विधायक गोपाल राय और इमरान हुसैन समेत पार्टी के विधायक, पार्षद और जिला स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य एजेंडा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन को तेज करने की रणनीति बनाना था।
इस्तीफे की मांग को लेकर जारी रहेगा आंदोलन
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, बैठक के बाद AAP नेता गोपाल राय ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर को दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से पार्टी नेता और कार्यकर्ता मुख्यालय पहुंचकर भूख हड़ताल करेंगे। गोपाल राय के मुताबिक, पार्टी चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही है। इसी आंदोलन के तहत एक दिन की भूख हड़ताल करने का फैसला लिया गया है।
जंतर-मंतर की ओर मार्च के दौरान पुलिस ने रोका
AAP कार्यालय में बैठक समाप्त होने के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर की ओर मार्च शुरू किया। लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में जनपथ के पास रोक दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। प्रदर्शन के दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और कई विधायकों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि, बाद में सभी को शाम के समय रिहा कर दिया गया। AAP ने स्पष्ट किया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। 15 अक्टूबर को प्रस्तावित भूख हड़ताल इसी विरोध कार्यक्रम का हिस्सा होगी।
