मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे उन पुलिसकर्मियों (आरक्षक से उपनिरीक्षक तक) का ट्रांसफर 16 जून तक सुनिश्चित करें, जो किसी एक थाने में चार साल या उससे अधिक समय से तैनात हैं। यह आदेश भोपाल और इंदौर के पुलिस कमिश्नर, जबलपुर और भोपाल के रेल पुलिस अधीक्षक, तथा प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारियों को दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, स्पेशल डीजी (प्रशासन) आदर्श कटियार ने इस निर्देश के पीछे पारदर्शिता और जनता के हितों की रक्षा को मुख्य उद्देश्य बताया। उनका मानना है कि लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनात रहने से कार्यशैली प्रभावित हो सकती है, और समय-समय पर तबादले से प्रशासन में सुधार और शिकायतों में कमी आती है। पहले भी इस तरह के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन कुछ जिलों में इनका पूर्ण पालन नहीं हुआ था, इसलिए इस बार इसे दोहराया गया है।
