Delhi-NCR Dussehra Mela: दशहरा, जिसे विजयादशमी के नाम से भी जाना जाता है, भारतीय संस्कृति और परंपरा का एक महत्वपूर्ण पर्व है। यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है और देशभर में इसे उत्साह व उमंग के साथ मनाया जाता है। दिल्ली-एनसीआर में दशहरे के अवसर पर कई स्थानों पर भव्य मेलों का आयोजन होता है, जहां रामलीला, रावण दहन, खान-पान के स्टॉल और बच्चों के लिए तरह-तरह के झूले आकर्षण का केंद्र बनते हैं। अगर आप भी इस दशहरे पर परिवार और दोस्तों के साथ त्योहार की रौनक का आनंद लेना चाहते हैं, तो दिल्ली-एनसीआर की इन 5 जगहों पर जाकर मेले का लुत्फ उठा सकते हैं।

लाल किला मैदान में आयोजित लव कुश रामलीला
लाल किला मैदान, दिल्ली
दिल्ली के लाल किला मैदान में आयोजित होने वाली रामलीला और दशहरा उत्सव लोगों के बीच खासा लोकप्रिय है। यहां लव कुश रामलीला और श्री धार्मिक रामलीला का आयोजन होता है, जिसमें कई जानी-मानी हस्तियां और राजनेता भी शामिल होते हैं। विजयादशमी के दिन यहां होने वाला रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। यहां आने के लिए मेट्रो और ऑटो रिक्शा का इस्तेमाल किया जा सकता है। नजदीकी मेट्रो स्टेशन लाल किला है।
द्वारका सेक्टर-10 रामलीला मैदान, दिल्ली
द्वारका सेक्टर-10 का रामलीला मैदान भी दशहरा उत्सव के लिए जाना जाता है। यहां रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। मेले में विशाल रावण के पुतले के दहन के साथ कई तरह की मनोरंजक गतिविधियां देखने को मिलती हैं। परिवार के साथ घूमने के लिए यहां खाने-पीने के स्टॉल और बच्चों के लिए झूले भी आकर्षण का हिस्सा होते हैं।

नोएडा में यहां लगता है दशहरे का भव्य मेला
नोएडा स्टेडियम के पास रामलीला मैदान, नोएडा
नोएडा स्टेडियम के नजदीक स्थित रामलीला मैदान में दशहरे के दौरान उत्सव का माहौल देखने को मिलता है। यहां रामायण की प्रमुख घटनाओं पर आधारित रामलीला का मंचन किया जाता है और विजयादशमी पर रावण दहन होता है। मेले में स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल, बच्चों के लिए झूले और हस्तशिल्प से जुड़ी दुकानें भी लगती हैं। ऐसे में परिवार के साथ त्योहार मनाने और मेले की रौनक का आनंद लेने के लिए यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
एनआईटी दशहरा मैदान, फरीदाबाद
फरीदाबाद के एनआईटी दशहरा मैदान में रामलीला और मेले का आयोजन लोगों के लिए खास आकर्षण रहता है। यहां रावण दहन के अलावा खाने-पीने की दुकानों, खरीदारी के स्टॉल और मौत के कुएं जैसे मनोरंजक कार्यक्रमों का आनंद लिया जा सकता है। यहां पहुंचने के लिए दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन का सहारा लिया जा सकता है। नीलम चौक अजरौंदा मेट्रो स्टेशन इस इलाके तक पहुंचने के लिए सही ऑप्शन हैं।
ग्रेटर नोएडा एक्सपो ग्राउंड, ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा के एक्सपो ग्राउंड में दशहरा उत्सव के दौरान मेले की रौनक देखने को मिलती है। यहां विशाल रावण के पुतले का दहन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रकार के खान-पान के स्टॉल लोगों को आकर्षित करते हैं। बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए झूले समेत कई गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं। अगर आप परिवार के साथ दशहरे का उत्सव मनाने और मेले का आनंद लेने की योजना बना रहे हैं, तो इस जगह को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
