भोपाल

MP: अच्छी खबर! मध्य प्रदेश के धरती पुत्रों को करने जा रही सरकार हाईटेक, ये लागू होगी योजना, ऐसे मिलेगा फायदा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 24, 2023, 07:11 PM IST

MP: प्रदेश सरकार किसानों को अब रुपे कार्ड देने की तैयारी में जुटी है। इस कार्ड के जरिए किसान सभी बैंकों से रकम विड्राॅल कर सकेगा। किसान इस कार्ड के जरिए सभी साढ़े 4 हजार सहकारी समितियों पर ऑनलाइन खाद-बीज का भी पेमेंट कर सकेंगे। रुपे कार्ड इस साल मार्च के महीने से काश्तकारों को बांटे जाएंगे।

Image

मध्य प्रदेश के किसान होंगे अब हाईटेक, सरकार देगी रुपे कार्ड (फाइल फोटो)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • प्रदेश सरकार किसानों को अब रुपे कार्ड देने की तैयारी में
  • रुपे कार्ड इस साल मार्च के महीने से काश्तकारों को बांटे जाएंगे
  • साढ़े 4 हजार सहकारी समितियों के किसानों को मिलेगा इसका फायदा


MP: मध्य प्रदेश के धरतीपुत्रों के लिए नए साल में प्रदेश की शिवराज सरकार एक नई सौगात लेकर आई है। जिसके चलते किसानों को खरीदारी करने में हो रही परेशानी से निजात मिलेगी। प्रदेश सरकार किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड देने के बाद अब रुपे कार्ड देने की तैयारी को अमलीजामा पहनाने की कवायद में जुटी है।

इसमें खास बात ये है कि, यह कार्ड सीसीसी से तो अलग होगा ही, मगर, इस कार्ड के जरिए किसान महज जिला सहकारी बैंक ही नहीं बल्कि अन्य सभी बैंकों से रकम विड्राॅल कर सकेगा। वहीं प्रदेश का किसान इस कार्ड के जरिए सूबे में संचालित हो रही सभी साढ़े 4 हजार सहकारी समितियों पर ऑनलाइन खाद-बीज का भी पेमेंट कर सकेंगे।

मार्च से बंटने आरंभ होंगे रुपे कार्ड

सहकारी बैंक के आला अधिकारियों के मुताबिक, रुपे कार्ड इस साल मार्च के महीने से काश्तकारों को बांटे जाएंगे। बता दें कि, महकमे ने शुरूआत में प्रायोगिक के तौर पर कुछ सहकारी बैंकों का चयन कर माइक्रो एटीएम लगाए थे। इसके बेहतर नतीजे आने के बाद अब प्रदेश के सभी जिला सहकारी बैंकों के तहत आने वाली सहकारी समितियों में माइक्रो एटीएम मशीन दी जा रही हैं। इसी के तहत किसानों को मार्च महीने से रुपे कार्डों का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।

किसानों की मुश्किल होगी आसान

विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को रकम विड्राॅल करने के लिए आस-पास के ब्लॉक तक जाना पड़ता है। इसमें सबसे अधिक समस्या किसानों को खाद-बीज खरीदने में आती है। रुपे कार्ड मिलने के बाद किसानों की इस समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्हें केवल माइक्रो एटीएम मशीन से नजदीकी सहकारी समितियों तक ही जाना पड़ेगा। जहां पर सामान खरीदने सहित जरूरत के मुताबिक, रकम निकालने तक की व्यवस्था मिल जाएगी। गौरतलब है कि, कार्ड के जरिए प्रदेश का किसान ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेगा। जिसके लिए मशीनों में क्यूआर कोड जनरेट करने की भी व्यवस्था है। बता दें कि, राज्य के 29 जिला सहकारी बैंकों से 4 हजार 536 प्राथमिक सहकारी समितियां जुड़ी हुई हैं। प्रदेश सरकार इन समितियों को भी अपडेट कर रही है, जिससे यहां राशन से लेकर हर तरह का जरूरत का सामान मिल सकेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article