दिल्ली में आज का मौसम (10 August 2026): दिल्ली-NCR में इन दिनों मानसून मेहरबान बना हुआ है। सोमवार को हुई झमाझम बारिश के बाद मंगलवार को भी बारिश का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया है। मौसम के इस मिजाज को देखते हुए IMD ने तात्कालिक (Nowcast) चेतावनी भी जारी की है। जिसके अनुसार, दिल्ली में 9:45 बजे तक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट है। इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। दिल्ली के साथ नोएडा और गुरुग्राम में भी गरज-चमक के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव भी देखने को मिल रहा है। ऐसे में ऑफिस जाने वाले लोगों को समस्या का सामना करना पड़ सकता है।
दिल्ली में आज दिनभर होगी बारिश
दिल्ली में सिर्फ सुबह ही नहीं बल्कि दिनभर बारिश का मौसम बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राजधानी में दिनभर रुक-रुक कर बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। जिसे देखते हुए दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। जिसके अनुसार गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इस मौसम को देखते हुए लोगों को सलाह दी गई है कि वे केवल जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकले। स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को छाता-रेनकोट लेकर जाने की सलाह दी गई है।
आज कहां-कहां बारिश का अलर्ट
दिल्ली के अलावा लोनी देहात, हिंडन एयर फोर्स स्टेशन, इंदिरापुरम, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, झज्जर, फरुखनगर, मानेसर, यमुनानगर, पानीपत, गन्नौर, बड़ौत, खेकड़ा, सोहना, समेत कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम की चेतावनी को देखते हुए गुरुग्राम प्रशासन ने मंगलवार को स्कूलों और ऑफिस के लिए 'वर्क फ्रॉम होम' की सलाह दी है।
ट्रैफिक जाम करेगा परेशान
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। कुछ ही देर की बारिश के बाद राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। जिसके कारण लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। शाम के समय लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से भी जूझना पड़ा। तेज बरसात के कारण आज भी कई जगहों पर जलभराव की समस्या भी सामने आ रही है। एम्स फ्लाईओवर लूप पर भारी जलभराव देखने को मिल रहा है। जिसके कारण वाहन चालकों को गाड़ी चलाने में समस्या हो रही है। इसके अलावा कई अन्य इलाकों में भी सड़कों पर पानी भर आया है। बारिश के कारण ऑफिस जाने वाले लोगों को आज भारी जाम का सामना करना पड़ सकता है।
