भोपाल

Sagar Triple Murder: मां और दो बेटियों की बेरहमी से हत्या, घर में खून से लथपथ मिले शव, पुलिस कंट्रोल रूम के पास है मकान

Sagar Triple Murder: सागर में पुलिस कंट्रोल से 200 मीटर दूर तीन मंजिला मकान में मां और दो बेटियों की हत्या कर दी गई। रात में घर वापस आने पर पति ने दरवाजे खुले देखे और उनका शव खून से सना मिला। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच कर रही है।

Image

महिला और उसकी दो बेटियों की हत्या

KEY HIGHLIGHTS
  • आज तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा
  • मृतका के भाई ने परिजनों पर जताया शक
  • मृतका के पति से पूछताछ कर रही पुलिस

Sagar Triple Murder: मध्य प्रदेश के सागर में बीती रात एक महिला और उसकी दो बेटियों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। उनका शव खून से लथपथ हालत में घर में पड़ा मिला। जब महिला का पति रात में घर पहुंचा, तो वारदात का पता चला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस मृतका के पति से पूछताछ कर रही है। वहीं मृतका के भाई ने परिजनों पर हत्या का शक जताया है उसने कहा कि परिवारजनों में विवाद भी होता रहता था। हालांकि पुलिस बारीकी से सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

200 मीटर दूर पुलिस कंट्रोल रूम

यह घटना सागर के पुलिस कंट्रोल रूम के सामने 200 मीटर की दूरी पर हुई। मृतका का पति विशेष पटेल जिला अस्पताल में कंप्यूटर ऑपरेटर है। जानकारी के अनुसार जब बीती रात को वह घर पहुंचा, तो घर के दरवाजे खुले मिले। जब विशेष घर के अंदर गया तो उसे पत्नी वंदना (32 वर्ष), बड़ी बेटी अवंती (8 साल) और छोटी बेटी अनविका (3 साल) का शव खून से सना हुआ मिला। उसकी पत्नी और बड़ी बेटी की लाश किचन में मिली और छोटी बेटी का शव बेडरूम में नीचे पड़ा हुआ था। जिसके बाद उसने बीती देर रात अपने ससुराल वालों को फोन कर इस वारदात की सूचना दी।

कमरे और किचन में खून ही खून

घटनास्थल को देखकर लग रहा था कि उनका सिर दीवार से मारा गया है और धारदार हथियार से उनके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में वार किए गए। तीनों के सर से खून बह रहा था और कमरे व किचन के चारों ओर खून बिखरा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही देर रात आईजी प्रमोद वर्मा, डीआईजी सुनील कुमार, प्रभारी एसपी डॉक्टर संजीव उइके मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। वहीं आज तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article