भोपाल : 6 जुलाई को मोहर्रम के मुख्य जुलूस के मद्देनजर, भोपाल के पुराने शहर में यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। शनिवार दोपहर 1 बजे से, वीआईपी रोड सहित कई क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। जुलूस दोपहर 12 बजे इमामीगेट से शुरू होकर पीरगेट, भवानी चौक, रॉयल मार्केट, हमीदिया अस्पताल, कोहेफिजा तिराहा होते हुए करबला तक जाएगा। कुछ ताजिए वीआईपी रोड से गिन्नौरी की ओर बढ़ेंगे।
इस दौरान रॉयल मार्केट, शहजादाबाद, कोहेफिजा जैसे क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। कुछ मार्गों पर भारी वाहनों, मालवाहक और व्यवसायिक वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा, जिसमें भारत टॉकीज, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड, भोपाल टॉकीज, शहजादाबाद, रॉयल मार्केट, कोहेफिजा तिराहा और करबला शामिल हैं।
कहां रहेगा डायवर्जन
इंदौर, उज्जैन, राजगढ़ और ब्यावरा से आने-जाने वाली बसें हलालपुर बस स्टैंड पर समाप्त होंगी। रॉयल मार्केट-शहजादाबाद मार्ग पर सिटी बसें लालघाटी से कोहेफिजा और बस स्टैंड मार्ग से डायवर्ट रहेंगी। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है, जिसमें प्रभात चौराहा, जेके रोड, अयोध्या बायपास, भानपुर, करोंद, नई जेल और गांधी नगर तिराहा शामिल हैं। किसी भी असुविधा के लिए यातायात कंट्रोल रूम के नंबर 0755-2677340, 2443850 पर संपर्क किया जा सकता है।
