शहर

'मौके पर ही मेरी जान जा सकती थी', गुरुग्राम हिट एंड रन केस में सामने आई बाइकर ने आरोपी से पूछे सवाल, Video

सिया के वीडियो की शुरुआत बैंसला के एक रिपोर्टर को दिए इंटरव्यू की क्लिप से होती है। इसमें वह कहते सुनाई देते हैं कि उन्हें यह पता नहीं था कि बाइक सवार पुरुष था या महिला और घटना का केवल एक पक्ष सामने आया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि उनके एक पुरुष दोस्त से जुड़े वीडियो सामने क्यों नहीं आए।

Image

गुरुग्राम में कार सवार ने महिला बाइक सवार को मारी थी टक्कर।

Gurugram hit and run case : गुरुग्राम हिट एंड रन केस की पीड़ित लड़की सामने आई है और उसने आरोपी कार चालक से सवाल किए हैं। बाइकर ने कहा है कि 'अगर आपको मेरे लिए इतना ही बुरा लग रहा था, तो फिर आपने गाड़ी क्यों नहीं रोकी? मैं मौके पर ही मर सकती थी।' यह सवाल बाइक सवार और इंस्टाग्राम क्रिएटर सिया ने आरोपी से किया है। सिया इंस्टाग्राम पर 'rebelwheels_sia_' नाम से पेज चलाती हैं।

सिया ने अपनी बाइक को कार से टक्कर मारने के आरोपी कल्याण बैंसला के बयानों पर सीधे सवाल खड़े किए। करीब तीन मिनट के सोशल मीडिया वीडियो में सिया ने बैंसला के दावों को चुनौती दी। सिया ने आरोपी के सहानुभूति जताने के दावे पर सवाल उठाया और कहा कि हादसे के वीडियो में पूरी घटना साफ दिखाई देती है।

बैंसला के दावे पर सवाल उठाए

दरअसल, सिया के वीडियो की शुरुआत बैंसला के एक रिपोर्टर को दिए इंटरव्यू की क्लिप से होती है। इसमें वह कहते सुनाई देते हैं कि उन्हें यह पता नहीं था कि बाइक सवार पुरुष था या महिला और घटना का केवल एक पक्ष सामने आया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि उनके एक पुरुष दोस्त से जुड़े वीडियो सामने क्यों नहीं आए। इंटरव्यू में वह कहते हैं, 'मुझे उस लड़की के लिए बहुत बुरा लगा।' इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए सिया ने कहा, 'वह कह रहे हैं कि हम सड़क पर बार-बार स्पीड बढ़ा और घटा रहे थे। लेकिन मुझे लगता है कि मेरा पूरा वीडियो साफ दिखाता है कि वास्तव में कौन किसे रास्ते से घेरने की कोशिश कर रहा था।' उनके 'मेरे लिए बुरा महसूस करने' के दावे पर सवाल उठाते हुए सिया ने कहा कि हादसे के बाद उनके व्यवहार से ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि उन्हें उनकी चिंता थी।

'मेरी हड्डियां टूट सकती थीं'

उन्होंने कहा, 'अगर आपको सच में मेरे लिए बुरा लगा था, तो फिर आपने गाड़ी क्यों नहीं रोकी? यह आपकी जिम्मेदारी थी। अगर आपने मुझे टक्कर मारी थी, तो आपको रुककर यह देखना चाहिए था कि मुझे चोट लगी है या नहीं।' उन्होंने आगे कहा कि इस हादसे के परिणाम कहीं ज्यादा गंभीर हो सकते थे। सिया ने कहा, 'मुझे इससे कहीं ज्यादा गंभीर चोटें लग सकती थीं। मेरी हड्डियां टूट सकती थीं। मेरी मौके पर ही मौत हो सकती थी।'

पुलिस ने घटना का स्वत: संज्ञान लिया

पुलिस ने बताया कि रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर तेज गति से आ रही एक कार ने महिला बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह मोटरसाइकिल से गिर गई और सड़क पर कई मीटर तक घिसटती चली गई। वीडियो में कार को मोटरसाइकिल को टक्कर मारते और उसे कई मीटर तक घिसटते हुए देखा जा सकता है। सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अभिलक्ष जोशी ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस ने घटना का स्वत: संज्ञान लिया है और सेक्टर 56 थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 125 (चोट पहुंचाना) के तहत आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article